अक्षय तृतीया पर ज्वैलरी कारोबार 20 फीसदी ज्यादा होने की उम्मीद
वेडिंग सीजन और बाजार सेंटिमेंट में सुधार के मद्देनजर 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर ज्वैलरी कारोबार 15 से 20 फीसदी ज्यादा होने की उम्मीद है। ज्वैलर्स का कहना है कि बाजार धारणा सकारात्मक नजर आ रही है। कीमतें लगभग स्थिर है। सोना 30,820 रुपए प्रति दस ग्राम के आसपास है। वेडिंग सीजन की वजह से दुल्हा-दुल्हन के लिए भी अच्छी तादाद में ज्वैलरी खरीद हो रही है। इसका फायदा मिलेगा। काबिलेगौर है कि अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। ऑल इंडिया जैम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन नितिन खंडेलवाल का कहना है कि कुल मिलाकर बाजार में सकारात्मक माहौल है। इसको देखते हुए अक्षय तृतीया को कारोबार 15 से 20 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है। लेकिन डायमंड ज्वैलरी के मुकाबले ट्रेंडी व वेडिंग ज्वैलरी की मांग ज्यादा है।
छोटे आयटम की खरीदारी ज्यादा होने की संभावना जयपुर। सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी जयपुर के अध्यक्ष कैलाश मित्तल का कहना है कि अक्षय तृतीया पर वेडिंग ज्वैलरी के साथ सोने की सिक्के व छोटे आयटम की मांग ज्यादा रहने की उम्मीद है। जय कल्याण ज्वैलर्स के प्रशांत शर्मा भी मानते हैं कि पिछले कुछ समय के दौरान ज्वैलरी कारोबार में सुधार नजर आया है। इसके मद्देनजर अक्षय तृतीया पर पिछले साल के मुकाबले कारोबार बेहतर होगा।