एसएमएस स्कूल में होगी लोकपाल की नियुक्ति
सिटी रिपोर्टर. जयपुर। सवाईमानसिंह विद्यालय में बच्चों को प्रताड़ित किए जाने के मामले में मंगलवार को राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की कमेटी ने स्कूल का निरीक्षण किया। आयोग ने स्कूल के 15 बच्चों की शिकायतों के मामले की अलग-अलग जांच की। बच्चों की शिकायत थी कि स्कूल प्रशासन ने उन्हें जानबूझ कर फेल कर दिया है, इस वजह से वे तनाव में है। कई बच्चों ने शिक्षकों और प्रशासन पर टॉर्चर करने का भी आरोप लगाया था। कमेटी ने स्कूल में पहुंचकर शिकायत करने वाले बच्चों की उत्तर पुस्तिका मांगी तो स्कूल प्रशासन ने देने से इंकार कर दिया। प्रशासन का तर्क था कि पुस्तिकाएं उपलब्ध नहीं हैं। कमेटी ने इसे गंभीर मामला मानते हुए स्कूल में लोकपाल की नियुक्ति करने का निर्णय लिया है।
निरीक्षण के लिए आयोग की अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी के नेतृत्व में सदस्य एसपी सिंह, उमा र|ू, जयश्री गर्ग, डा सीमा जोशी, सदस्य सचिव वी सरवन कुमार सहित उप निदेशक शिक्षा विभाग और पुलिस उप अधीक्षक स्कूल में जांच करने पहुंचे। टीम ने यहां अलग-अलग रूम में शिक्षकों और प्रशासन से जुड़े पदाधिकारियों से बातचीत की। जांच में समाने आया है कि आरटीआई एक्ट के नियमानुसार स्कूल प्रबंधन समिति का गठन नहीं किया गया है। इसके अलावा समिति में शिक्षा विभाग, नवोदय विद्यालय व केंद्रीय विद्यालय का सदस्य भी नहीं पाया गया।