मुख्य सचिव के बंगले के बाहर से आईबी के आईजी की कार चोरी
टोंक रोड स्थित मुख्य सचिव के बंगले के बाहर से आईबी के आईजी की कार चोरी हो जाने से जयपुर कमिश्नरेट में हड़कंप मच गया। घटना मंगलवार सुबह 7:30 बजे की है। सूचना पर जयपुर कमिश्नरेट की पुलिस ने शहर व उसके आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कराकर दिनभर वाहनों की तलाशी ली, लेकिन आईजी के सरकारी वाहन का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगाली है। अंबेडकर सर्किल के पास कार गुजरने के फुटेज मिले हैं। चोर कार को सर्किल से विधानसभा की तरफ लेकर गए। देर रात तक पुलिसकर्मी नाकाबंदी पॉइंट्स पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इस संबंध में आईजी केसी मीणा के ड्राइवर विनोद ने मोतीडूंगरी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। विनोद ने पुलिस को बताया कि वह खुद ही सरकारी गाड़ी से आया था, लेकिन सूत्रों का दावा है कि आईजी केसी मीणा भी तब सेंट्रल मार्ग में मौजूद थे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस बात से इंकार किया है।
मोतीडूंगरी इलाके से चोरी हुई आईबी के अधिकारी की कार का फुटेज अंबेडकर सर्किल पर मिला।
आमजन की दो दिन तक रिपोर्ट दर्ज नहीं होती, आईजी की कार चोरी हुई तो सात घंटे में मुकदमा दर्ज किया
पुलिस को ड्राइवर विनोद ने बताया कि वह सुबह 7:30 बजे टवेरा कार को सीएस बंगले के सामने खड़ी की थी आैर पास में ही बाथरूम करने चले गया था। कुछ देर बाद विनोद वापस आया तो कार गायब थी। तब विनोद ने करीब 8 बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मोतीडूंगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। खास बात यह है कि पुलिस अकसर किसी व्यक्ति के वाहन चोरी होने पर दो से तीन दिन मुकदमा दर्ज करने में समय लगा देती है। आईजी की कार चोरी होने के बाद सूचना मिलने के सात घंटे भीतर पुलिस ने वाहन चोरी हो जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने विनोद की रिपोर्ट पर 3.30 बजे के करीब मुकदमा दर्ज किया था।