एक-दूसरे की पोल खुली तो कोर्ट में ही लड़ पड़े प्रिया और दीक्षांत
टिंडर एप के जरिए जान पहचान करके शहर के एक हजार से ज्यादा लोगों को अपने प्रेम जाल फंसाने वाली प्रिया सेठ को मंगलवार को कोर्ट ने जेल भेज दिया। प्रिया के साथी दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया को भी कोर्ट ने जेल भेज दिया। इससे पहले प्रिया को जब दीक्षांत की असलियत पता चली तो वह कोर्ट में ही उससे भिड़ गई। पुलिस पूछताछ में दीक्षांत ने प्रिया की अनुपस्थिति में बजाज नगर स्थित फ्लैट पर टिंडर के जरिए दोस्त बनी दूसरी लड़कियों को बुलाने की बात कबूल की थी। इस बात का जब प्रिया को पता चला तो मंगलवार को कोर्ट से निकलने के बाद दोनों के बीच नोकझोंक हो गई। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को शांत कराकर गाड़ी में बिठाया।
उल्लेखनीय है कि झोटवाड़ा थाना पुलिस ने तीनों को प्रेम नगर निवासी दुष्यंत शर्मा की हत्या के आरोप में 4 मई को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने 5 मई को कोर्ट में पेश करके 7 दिन के लिए रिमांड पर लिया था। उसके बाद 11 मई को दुबारा पेश करके 5 दिन के रिमांड पर लिया था। पुलिस ने जांच पुरी होने के बाद एक दिन पहले ही दोनों को कोर्ट में पेश कर दिया। रिमांड के दौरान पुलिस ने बैंक खातों में हुए लेन-देन की तस्दीक करवाई थी और जिस रास्ते से लाश फेंकने गए उस रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने के लिए डीवीआर जब्त किए। तीनों आरोपियों के गृह थानों से क्रिमिनल रिकॉर्ड भी मंगवाया।