पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • थर्ड ग्रेड टीचर्स तबादलों में कंट्रोवर्सी, नियुक्ति जिला परिषद से... फिर स्थानांतरण शिक्षा विभाग से क्यों?

थर्ड ग्रेड टीचर्स तबादलों में कंट्रोवर्सी, नियुक्ति जिला परिषद से... फिर स्थानांतरण शिक्षा विभाग से क्यों?

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
थर्डग्रेड टीचर्स की तबादला सूचियां अटक गईं हैं। तबादलों से प्रतिबंध हटने के बाद शिक्षकों में आस बंधी थी, कि इस बार तो तबादले होंगे ही। इस बार भी नहीं हुए तो फिर दो-तीन साल तक तबादले नहीं होंगे। वहीं सूचियां बनाने के बाद जयपुर कैंप में गए प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अधिकारी दो दिन पहले लौट आए हैं। इधर जिला परिषद के अफसरों व शिक्षा विभाग के बीच तबादलों को लेकर विवाद हो गया है। जिला परिषद (पंचायतीराज विभाग) के अफसर चाहते हैं कि नियुक्ति उनके माध्यम से होती है तो तबादले भी उनके माध्यम से ही हो, इधर डीईओ ने बिना साइन किए ही तबादला सूचियां शिक्षा राज्यमंत्री को भेज दीं। दोनों विभागों के बीच विवाद होने से मामला मुख्यमंत्री के पास पहुंच गया है। इधर शिक्षा विभाग के अफसरों को मालूम नहीं कि अब सूचियां कब जारी होंगी, जबकि शिक्षक सूचियों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

विवाद की मुख्य वजह तृतीय श्रेणी के शिक्षकों की पोस्टिंग है। तृतीय श्रेणी के शिक्षकों को नियुक्ति जिला परिषद की स्थापना समिति के माध्यम से मिलती है। ऐसे में विभागीय अफसरों का कहना है कि जब नियुक्ति जिला परिषद के माध्यम से होती है तो इसके स्थानांतरण पर हस्ताक्षर डीईओ नहीं कर सकते, जबकि शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण सूचियां 11 मई को ही मंत्री के पास में भेज दी थीं, लेकिन किसी भी डीईओ ने अभी साइन नहीं किए हैं।

वहीं शिक्षा विभाग के बड़े अफसर शिक्षकों के स्थानांतरण डिजायर के आधार पर नहीं करके विभागीय पॉलिसी के तहत करना चाह रहे हैं। ऐसे में पंचायतीराज व शिक्षा विभाग के बीच में मामला उलझने के बाद में फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय में भेजी गई है। अब इस मामले को सीएम देखेंगी।

द्वितीय श्रेणी व व्याख्याताओं की तबादलों सूचियों को अफसर दे रहे अंतिम रूप

शिक्षा संकुल में उप निदेशक बंशीधर गुर्जर के साथ मेंं संस्थापन शाखा से जुड़े हुए कर्मचारी द्वितीय श्रेणी व व्याख्याताओं के तबादलों की सूचियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। वहीं बीकानेर शिक्षा निदेशालय के अफसरों को भी वहां पर बुला रखा है। ऐसे में कयास यही लगाए जा रहे हैं कि पहले द्वितीय श्रेणी व व्याख्याताओं के तबादले किए जा सकते हैं। इसके बाद में तृतीय श्रेणी शिक्षकों का विवाद सुलझने पर सूची जारी होने की खबर है। हालांकि द्वितीय श्रेणी शिक्षकों व व्याख्याताओं के लिए किसी प्रकार के आवेदन नहीं लिए गए थे। विधायकों की डिजायरों के आधार पर तबादला सूचियां बनाई जा रही हैं।

सूचियां मंत्री के पास हैं, कब जारी होंगी जानकारी नहीं है

जयपुर में शिक्षा संकुल कैंप में तृतीय श्रेणी के आवेदनों की छंटनी करके सूचियां मंत्री स्टाफ को दे दी गई हैं। तबादला करने का अधिकार मंत्री स्तर का है। सूची कब जारी होगी, इसकी हमें कोई जानकारी नहीं हैं। -धर्मेंद्र कुमार जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक, जोधपुर

खबरें और भी हैं...