हुआ था एक्सीडेंट और पुलिस को दी फायरिंग की सूचना
जयपुर। बजाज नगर थाना इलाके में महावीर नगर में मंगलवार शाम दो गाडिय़ों में भिड़ंत होने पर किसी ने पुलिस को जल्दी बुलाने के लिए फायरिंग की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही थाने की चेतक और पुलिस मौके पर पहुंची और आस-पास के दुकानदारों, लोगों ने पूछताछ की लेकिन फायरिंग का कोई मामला सामने नहीं आया। दरअसल शाम को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि महावीर नगर में फायरिंग हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता लगा कि दो कारों में भिड़ंत हुई थी। एक कार चालक ने दूसरी कार को रोकने का प्रयास किया तो वह तेज चलाकर निकल गया। पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम पर महावीर नगर निवासी विदित ने फोन करके सूचना दी थी। लेकिन विदित का कहना है कि उनका फोन किसी ओर के पास था उन्होंने सूचना नहीं दी। पुलिस जांच कर रही है।