तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत
जयपुर | श्याम नगर इलाके में गौतम मार्ग पर गुरुवार रात को तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दुर्घटना थाना पुलिस ने हादसे में घायल हुए यशवंत कौशिक व आकाश सिंह को एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने शिव नगर निवारू रोड निवासी यशवंत कौशिक को मृत घोषित कर दिया और आकाश को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। एसआई सज्जन सिंह ने बताया कि यशवंत वैशाली नगर स्थित प्राइवेट कंपनी में काम करता था। रात को ऑफिस से छुट्टी होने के बाद दोस्त को घर छोड़ने के लिए जा रहा था। यशवंत के पिता सूरत रहते हैं। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जायेगा। पुलिस ने कार जब्त करके चालक की तलाश शुरू की।
बाइक की टक्कर से घायल युवक की मौत : सांगानेर इलाके में 11 अप्रैल को रोड क्रॉस करने के दौरान बाइक की टक्कर से घायल हुए युवक श्योपुर एमपी निवासी महेश अग्रवाल की शुक्रवार को मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार महेश सांगानेर स्थित मिठाई की दुकान पर काम करता था। जहां रोड क्रॉस करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से 11 अप्रैल को वह घायल हो गए थे। इलाज के दौरान शुक्रवार को महात्मा गांधी अस्पताल में उनकी मौत हो गई।