अधिकमास के दौरान राजधानी में विभिन्न स्थानों पर कथाओं का दौर जोरों पर है। इसी क्रम में ओकेप्लस बिल्डर्स एंड डवलपर्स के तत्वावधान में ओकेप्लस फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से कृष्ण भावनामृत सेंटर के सहयोग से वैशाली नगर टैगोर पब्लिक स्कूल में चल रहे श्री राम प्रेम रस कथा के चौथे दिन शनिवार को भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया।
कृष्ण भावनामृत सेंटर के संस्थापक ओमप्रकाश मोदी व सेंटर की चेयरपर्सन स्नेहलता मोदी ने बधाई गीतों पर फल, खिलौने व मेवे की उछाल लूटकर प्रभु श्री राम के जन्म की खुशियां मनाईं। इस दौरान ठाकुर जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कथा के दौरान स्वामी प्रियाशरण महाराज ने कहा कि प्रभु तक पहुंचना है, तो अपने नाम को निर्मल बनाओ। इसके बाद राम स्तुति व हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। आयोजक मोदी ने बताया कि प्रियाशरण महाराज के मुखारबिंद से 24 मई तक रोजाना शाम 4 से 7.30 बजेेे तक रामकथा का बखान होगा।
श्रीमद्भागवत कथा में मनाया नंदोत्सव
जयपुर। विजयवर्गीय (वैश्य) महिला मंडल, जयपुर की ओर से चौगान स्टेडियम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान धूमधाम से नंदोत्सव मनाया गया। विजय वर्गीय महिला मंडल की अध्यक्ष शकुंतला विजयवर्गीय ने बताया कि समाज के इस अनूठे आयोजन के दौरान रामस्नेही संप्रदाय के जोधपुर पीठ हरिराम महाराज ने कृष्ण के जन्म की महता समझाई। कथा का समापन रविवार को होगा।
जयपुर। वैशाली नगर में श्री राम प्रेम रस कथा में भावमय श्रद्धालु।
सत्संग से ही िमलती है सच्चे मार्ग पर चलने की शिक्षा: आचार्य राजेश्वर
गलता गेट स्थित गीता गायत्री मंदिर में आयोजित हो रही भागवत कथा में शनिवार को व्यासपीठ से आचार्य राजेश्वर ने अजामिल, भक्त प्रहलाद और गजेंद्र मोक्ष की कथा का प्रसंग सुनाया। आचार्य राजेश्वर ने प्रवचन में कहा कि निष्काम भाव से की गई भक्ति सदैव कारगर होती है। भक्ति में ऐसी शक्ति होती है कि वह भक्त की सच्ची भक्ति को देखकर के भक्त के पास दौड़े चले आते है। उन्होंने कहा कि जीवन में जैसी भक्ति भक्त प्रहलाद ने की थी,ठीक वैसी ही भक्ति हम सभी को अपने जीवन में करनी चाहिए।भक्त के विश्वास को पूर्ण करने के लिए उन्हें खंभ से प्रकट होकर यह दिखा दिया कि भक्त की इच्छा को पूर्ण करने के लिए वह कहीं भी और किसी क्षण भी प्रकट हो जाते हैं। सत्संग से सही रास्ते पर चलने की शिक्षा मिलती है। भक्ति जीवन में कर्म एवं धर्म को समाहित करके एक श्रेष्ठ मानव का विकास करती है। पंडित राजकुमार चतुर्वेदी ने बताया कि रविवार को राम जन्म और कृष्ण जन्म के प्रसंग के बाद नंदोत्सव मनाया जाएगा।
ठाकुरजी ने नौका विहार कर जीमे शीतल व्यंजन
जयपुर। मालवीय नगर रामजीपुरा स्थित राधा मोहन मंदिर में ठाकुर जी नौका विहार कराया गया। इस दौरान फूल बंगले की झांकी सजा कर ठाकुर जी को आम रस पपीता शेक, बनाना शेक, गन्ने का रस, अनानास का रस, छाछ राबड़ी, लस्सी व अन्य शीतल व्यंजनों का भोग लगाया गया। शाम को महा आरती की गई। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष रमेश चंद शर्मा, दीपू शर्मा, दिनेश बापलात, संजय बापलात, राम शर्मा आदि ने सेवाएं दीं।
श्री राम और श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया
जयपुर। समर्पण गोशाला परिवार की ओर से श्री गोविंद देव जी मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथामृत के चतुर्थ दिन कथा में श्रीराम जन्म और श्री कृष्ण जन्म उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। कथा व्यास संजीव ठाकुर ने राम कथा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि रामायण पढ़कर अलमारी में रख देने का ग्रंथ नहीं है। रामायण जीवन में उतारने का, जीने का शास्त्र है। रामायण को केवल पढ़ो मत, जीओ, जो रामायण को जीएगा , रामायण में जीएगा, वह स्वयं श्री राम स्वरूप हो जाएगा। मुख्य ट्रस्टी अनिल शर्मा व नंदकिशोर अग्रवाल ने बताया कि आरती एवं प्रसाद के साथ कथा का समापन हुआ। मीडिया प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि कथा में रविवार को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के साथ गोवर्धन उत्सव मनाया जाएगा।