- Hindi News
- National
- 15 किमी. फोर लेन की राह में एचटी एलटी लाइनों की आधी बाधा 7 दिन में ही पार
15 किमी. फोर लेन की राह में एचटी-एलटी लाइनों की आधी बाधा 7 दिन में ही पार
इन्फ्रा रिपोर्टर. जयपुर | जेडीए ने जमवारामगढ़ स्टेट हाईवे को फोर-लेन बनाने के लिए तेजी से काम शुरू कर दिया है। खासकर बिजली लाइनों की वजह से करीब 6 महीने जो काम अटका हुआ था, वो लाइनें अब देखते ही देखते सड़क की राह से दूर हो रही है। जेडीए की विद्युत शाखा ने 4 अप्रेल को मौका विजिट कर अगले ही दिन से काम शुरू कर दिया। इसके सप्ताहभर के भीतर सायपुरा पेट्रोल पंप से हीरावाला मोड तक करीब 6 किलोमीटर से एचटी-एलटी लाइनों की शिफ्टिंग कर दी है। साथ ही मौके से 4 ट्रांसफार्मर भी शिफ्ट करवा दिए हैं। सैकंड चरण में अब हीरावाला मोड से रामगढ़ के बीच बची हुई लाइनों को सप्ताहभर में शिफ्ट करने का दावा है। इससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय निवासी विष्णु पंचौली, सीताराम, कानाराम ने कहा कि पूरे रामगढ़ क्षेत्र के विकास के लिए सड़क का काम बेहद जरूरी है। करीब 6 माह बाद जेडीए का काम मौके पर दिख रहा है, इससे इस काम के पूरा होने की उम्मीद बंधी है। दूसरी ओर जेडीए के डायरेक्टर ललित शर्मा बोले कि बिजली लाइनों को तेजी से शिफ्ट कराया जा रहा है। इसके चलते अभी तक रुका हुआ सिविल का काम आगे बढ़ेगा। जानकारी हो कि बिजली लाइनों के लिए जेडीए ने जयपुर डिस्कॉम को 2 करोड़ 10 लाख रुपए दिए थे, लेकिन काम की प्राथमिकता के चलते इसको जल्द कराने से वो बैकफुट पर आ गए।
इसके बाद जेडीए की विद्युत शाखा ने काम हाथ में लिया और बेहतरीन रिजल्ट दिए।
अब सिविल के काम आगे बढ़ाने के लिए बजट से जुड़े ईश्यू आ रहे हैं, जिसके बारे में जेडीए ने जल्द ही समाधान निकाल काम पूरा कराने की बात कही है।
जमवारामगढ़ स्टेट हाईवे को फोर-लेन बनाने का काम शुरू