- Hindi News
- National
- झोटवाड़ा एलिवेटेड रोड की राह में बाधा निर्माणों पर 20 अप्रैल से लगेंगे लाल निशान
झोटवाड़ा एलिवेटेड रोड की राह में बाधा निर्माणों पर 20 अप्रैल से लगेंगे लाल निशान
जयपुर| झोटवाड़ा एलिवेटेड रोड के बीच आ रहे निर्माणों पर जेडीए 20 अप्रेल से लाल निशान लगाएगा। जेडीए के जोन, इंजीनियरिंग व प्रवर्तन विंग की टीम 200 से ज्यादा पुलिस बल के साथ सर्वे पर निकलेगी। जेडीए टीम दुकान व बिल्डिंगों का डिमार्केशन करेगी। कार्यवाही की मॉनिटरिंग जोन 6 के डिप्टी कमिश्नर मनीष फौजदार को दी गई है। इसके बाद प्रभावितों का पुनर्वास होगा और बिल्डिंगों को तोड़ा जाएगा। जनप्रतिनिधियों के सुझाव पर गुरुवार को जेडीए कमिश्नर वैभव गालरिया भी व्यापार मंडल व विकास समितियों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर पुनर्वास का मुद्दा सुलझाएंगे।
दायरे में आ रही जमीन का मालिकाना हक खत्म होगा
जेडीए ने राजस्थान भू- राजस्व अधिनियम-1956 की धारा 90 ए की उपधारा (8) को लागू करते हुए 578 बिल्डिंगों की दुकानों की जमीन का मालिकाना हक खत्म कर अपने नाम करने की तैयारी कर ली है। जेडीए ने 14 मार्च को सार्वजनिक सूचना जारी कर लोगों से आपत्तियां मांगी थी, लेकिन एक भी आपत्ति नहीं आई।
मुख्य नियंत्रक (प्रवर्तन) राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि 20, 21 व 21 अप्रैल को झोटवाड़ा एलिवेटेड रोड के दायरे में आ रहे निर्माण का सर्वे होगा और निशान लगाएं जाएंगे। वहीं 19 अप्रेल को जेडीसी भी व्यापारियों से बात करेंगे।