भूतपूर्व सैनिकों को राज्य सेवा में पांच फीसदी मिलेगा रिजर्वेशन
पॉलिटिकल रिपोर्टर, जयपुर | भूतपूर्व सैनिकों को राज्य सेवा से लेकर चतुर्थ श्रेणी तक की भर्ती में रिजर्वेशन का बड़ा लाभ मिलेगा। राज्य सेवा में पांच फीसदी, अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा में 12.50 फीसदी और चतुर्थ श्रेणी में 15 फीसदी आरक्षण भूतपूर्व सैनिकों को देय होगा। इतना ही नहीं बल्कि आयु सीमा में भी सरकार ने भूतपूर्व सैनिकों को पांच साल की छूट दी है। इस सिलसिले में मंगलवार को कार्मिक विभाग की ओर आदेश जारी कर दिया गया है।
कैबिनेट से मंजूरी के बाद कार्मिक विभाग की ओर से नियम में संशोधन कर दिया गया है। अभी तक राज्य सेवा में भूतपूर्व सैनिक नहीं आ पाते थे, लेकिन ताजा आदेश से राज्य सेवाओं में भी भूतपूर्व सैनिकों को आने का मौका मिलेगा। राज्य सेवा की प्रतियोगी परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए उन्हें पांच साल की आयु में छूट दी गई है। भूतपूर्व सैनिक 45 साल की आयु तक राज्य सेवा की परीक्षा में हिस्सा ले सकेंगे, जबकि अन्य सेवाओं की परीक्षा में 50 साल की आयु तक भूतपूर्व सैनिक शिरकत कर सकेंगे। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी।