ब्रह्मपुरी इलाके में हथिनी ने युवक पर किया हमला
जयपुर | ब्रह्मपुरी इलाके में मानबाग चौराहे के पास शुक्रवार को हथिनी ने सूंड की फटकार लगाते हुए एक युवक को दूर पटक दिया, जिससे वह घायल हो गया। लोगों ने युवक को सड़क से उठाया और हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। सूचना पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हथिनी के हमले से घायल युवक इरफान ने बताया कि वह मानबाग चौराहे के पास गन्ने के ज्यूस का ठेला लगाता है। शुक्रवार दोपहर एक व्यक्ति हथिनी को उसके ठेले के पास छोड़कर कहीं चला गया। तभी हथिनी ने उस पर हमला कर दिया। हथिनी का रूप देखकर एक बारगी तो वहां अफरा-तफरी मच गई। तभी हथिनी का मालिक भी वहां पहुंच गया और उसे लेकर चला गया।