- Hindi News
- National
- सवाईमाधोपुर में सर्किल पर स्टेच्यू लगाने के मामले में हाईकोर्ट में पीआईएल दायर
सवाईमाधोपुर में सर्किल पर स्टेच्यू लगाने के मामले में हाईकोर्ट में पीआईएल दायर
लीगल रिपोर्टर. जयपुर | सवाईमाधोपुर के इंदिरा सर्किल पर शनिवार को भीमराव अंबेडकर का स्टेच्यू लगाने और इससे जातीय द्वेषता फैलने की आशंका देखते हुए शुक्रवार को हाईकोर्ट में पीआईएल दायर कर इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले का पालन करवाने की गुहार की है। भुवनेश्वर प्रसाद शर्मा द्वारा दायर पीआईएल में प्रमुख गृह सचिव, जिला कलेक्टर सवाई माधोपुर व नगर परिषद सवाईमाधोपुर के कमिश्नर को पक्षकार बनाया है। याचिका में कहा कि इंदिरा सर्किल पर अभी किसी का स्टेच्यू नहीं है। लेकिन उसे सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि शनिवार को सर्किल पर भीमराव अंबेडकर का स्टेच्यू लगाया जाएगा व जिला कलेक्टर ने इसकी मंजूरी दे दी है। लेकिन इससे शहर में जातीय द्वेष फैलने की उम्मीद है और 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान भी यहां पर उपद्रव हुआ था। साथ ही राज्य सरकार यहां पर कानून व व्यवस्था बनाए रखने में फेल रही थी। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने यूनियन ऑफ इंडिया बनाम गुजरात राज्य केस में 18 जनवरी को दिए फैसले में किसी भी सार्वजनिक जगह पर कोई भी स्टेच्यू लगाने पर रोक लगा रखी है।
उसने इस संबंध में जिला कलेक्टर को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन उन्होंने उसके प्रार्थना पत्र का निपटारा नहीं किया इसलिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करवाया जाए और आमजन को होने वाली परेशानी को रोका जाए।