जयपुर | जयपुर ग्रामीण पुलिस के किशनगढ़-रेनवाल थाने में 24 पुलिसकर्मी एक ही जाति के होने की शिकायत को गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने गंभीरता से लिया है। कटारिया ने डीजीपी ओपी गलहोत्रा को पत्र लिखकर इस प्रकरण में एसपी से बातचीत करने के साथ नसीहत दी है कि तबादले करते समय यह सब ध्यान में रखा जाए। ताकि, थानों में जातीय समीकरण गड़बड़ाने जैसी कोई शिकायतें आगे नहीं आ सके। असल में, गृह मंत्री को पिछले दिनों एक पत्र मिला। जिसमें शिकायत की गई थी कि एक थाने में इंचार्ज से लेकर कांस्टेबल तक 24 एक ही जाति के हैं। इसकी जांच कराने के लिए कटारिया ने शिकायती-पत्र को डीजीपी को रैफर कर दिया। इसमें यह भी कहा गया है कि अन्य थानों में ऐसी स्थिति तो नहीं है इसको देखा जाए। गृह मंत्री कटारिया ने कहा कि एक प्रकरण सामने आया था। यह सही है। डीजीपी से कहा गया है कि वे इसको स्वयं देखें और एसपी से बातचीत करें। ऐसा है तो तत्काल इसमें सुधार किया जाए।