कनवीनर का कहना है- 25 से तो एप्लीकेशन मांगी जाएगी और एप्लाई करने के लिए स्टूडेंट्स को 10 दिन का समय दिया जाएगा
विजय सिंह | जयपुर
राजस्थान यूनिवर्सिटी में नए सेशन 2018-19 के लिए एडमिशन प्रक्रिया का इंतजार है, लेकिन आरयू की ओर से जारी किए गए प्रोस्पेक्टस को देखा जाए तो उसमें पीजी एंट्रेंस टेस्ट के लिए 15 मई 2018 से ही एप्लीकेशन मांगी जा रही है। जो गुजर चुकी है। वहीं पीजी एडमिशन कमेटी की माने तो पीजी के लिए अभी तक प्रोग्राम तैयार नहीं हुआ है और न ही विज्ञप्ति जारी की गई है। ऐसे में स्टूडेंट्स के साथ ही टीचर्स भी कन्फ्यूज हैं।
कोआर्डिनेशन की कमी
इस प्रकार भ्रमित करने वाली तारीखों से पता चलता है, कि आरयू प्रोस्पेक्ट्स कमेटी और पीजी एडमिशन कमेटी के बीच किसी प्रकार का कोई कोआर्डिनेशन नहीं है। इसका भुगतान स्टूडेंट्स को परेशान होकर करना पड़ रहा है। यदि दोनों कमेटी पहले बात कर लेती तो सही डेट दी जा सकती थी। वहीं पीजी कमेटी कनवीनर की माने तो उनके अनुसार प्रोस्पेक्टस में दी गई सभी तारीखें टेंटेटिव हैं और प्रोग्राम तैयार कर असल तारीखों की घोषणा करना अभी बाकी है।
उनके अनुसार 25 मई से तो एप्लीकेशन मांगी जाएंगी और एप्लाई करने के लिए 10 दिन स्टूडेंट्स को दिए जाएंगे। जबकि आरयू ने 25 मई एप्लाई करने की लास्ट डेट रखी है। इस प्रकार 4 जून तक तो सिर्फ एप्लीकेशन ली जाएंगी और उसके बाद एंट्रेंस टेस्ट होंगे और फिर रिजल्ट निकाला जाएगा। उसके बाद एडमिशन होंगे।
स्टूडेंट्स काट रहे चक्कर
प्रोस्पेक्टस में पीजी एंट्रेंस के लिए एप्लाई करने की तारीख 15 मई कर देने के बाद से ही स्टूडेंट्स परेशान हैं और कभी आरयू के चक्कर लगा रहे हैं तो कभी वेबसाइट पर एप्लीकेशन फॉर्म सर्च कर रहे हैं।
कई बार कारण होते हैं, कि यूजी के एग्जाम कैसे चल रहे हैं या स्टूडेंट्स कोई और एग्जाम में बिजी तो नहीं हैं आदि। मैं मंगलवार शाम तक पीजी एंट्रेंस टेस्ट और उसके रिजल्ट की डेट का प्रोग्राम जारी करूंगा। संभवत: 25 मई से प्रोसेस शुरू किया जाएगा। प्रोस्पेक्टस में जो डेट दी गई हैं, वह टेंटेटिव हैं।  प्रो. जेपी यादव, कनवीनर, पीजी एडमिशन कमेटी