टायर फटने से पिकअप तीन बार पलटी 2 की मौत, 30 जने घायल
जयपुर/अजीतगढ़ | अजीतगढ़-नीमकाथाना स्टेट हाइवे स्थित बामल्डा जोहड़ा के पास शनिवार शाम को टायर फटने से पिकअप अनियंत्रित होकर दो-तीन बार पलटी खा गई। हादसे में दो की मौत हो गई और 30 घायल हो गए। ये सभी रैगर समाज के लोग हैं जो कांवट में एक दाह संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। हाइवे पर हादसे की खबर लगते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद 9 जनों को रेफर कर दिया। हादसे में प्रकाश रैगर (45) एवं सोनी देवी (70) की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप में सवार लोगों की चिख-पुकार होने लगी। यह सुनकर आसपास के लोग एवं वाहन चालक एकत्र होकर घायलों को बचाने में लग गए। घायलों को निजी एवं एम्बुलेंस से अजीतगढ़ अस्पताल में पहुंचाया।