जयपुर | तापमान बढ़ने के साथ ही जयपुर में तेज हवाओं ने डेरा डाल लिया। दिन मेंं जहां 1 डिग्री का उछाल आया वहीं रात के तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर में हवाओं की रफ्तार शाम के समय बढ़ गई। खुले इलाकों में धूल भरी हवाएं चलीं, जबकि एयरपोर्ट में अधिकतम 35 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं। रात 8 बजे बाद हवा थोड़ी कम रही, फिर भी इसकी रफ्तार 20 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। शहर में बादलों का डेरा भी जारी है। ऐसे में रात के तापमान में एक ही दिन में 4 डिग्री तक उछाल आ गया। गुरुवार रात का न्यूनतम तापमान जहां 26.8 डिग्री था, वहीं शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार दिन में अधिकतम तापमान जहां 41.4 डिग्री था, वह शनिवार को 42.4 डिग्री तक बढ़ गया।
बादलों के साथ हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहेगा, ऐसे में अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में खासी बढ़ोतरी नहीं होगी।