जयपुर | पृथ्वीराज नगर में जिन सड़कों के काम पर जेडीए श्रेय ले रहा है, उन्हें पूरा नहीं करने पर लोग परेशान हैं। खासकर सेक्टर सड़कों के मामले, जिनके समय रहते अलाइनमेंट, डिमार्केशन, नक्शे सार्वजनिक नहीं किए और लोगों ने सोसायटी आदि के झांसे में आकर मकान बना लिए। या कई जगह पट्टे काट दिए। ऐसे निर्माण पर सही फैसला लेकर जेडीए लोगों के साथ न्याय नहीं कर पा रहा। ऐसे ही मामले में जोन-16 की राधा कृष्ण विहार, गोकुलपुरा, कालवाड़ रोड की सालभर से अधूरी पड़ी सेक्टर सड़क का विवाद गर्माया हुआ है। कॉलोनी के नियमन के समय 80 फीट सेक्टर रोड (200 फीट बाईपास से श्री राधा कृष्ण विहार होते हुए कनकपुरा तक) जेडीए नक्शे में दर्शायी हुई है, इस रोड का 80 प्रतिशत निर्माण कर शेष को रोका हुआ है, क्योंकि आगे निर्माण आ रहे हैं। राधाकृष्ण विहार समिति के अध्यक्ष रविन्द्र टेलर सहित फूलसिंह शेखावत, रामसिंह नाथावत, कानसिंह भाटी का आरोप है कि कुछ भूमाफिया रोड को डायवर्ट आदि करने के संबंध में अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। रोड प्लान में परिवर्तन की बात जेडीए के आधार पर कही जा रही है, जिसको जेडीए साफ नहीं कर रहा। दो दिन पहले ही आए नए उपायुक्त को भी लोगों ने अपनी समस्या रखी है। जिन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।