पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अधिकमास के साथ भागवत कथाएं शुरू

अधिकमास के साथ भागवत कथाएं शुरू

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष के साथ ही बुधवार से शहर में अनेक स्थानों पर भागवत ज्ञान सप्ताह और राम कथाओं का दौर शुरू हो गया है। कई स्थानों पर नानी बाई का मायरा कथा होगी। आराध्य देव गोविंददेवजी मंदिर के सत्संग हॉल में बुधवार को भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। व्यास पीठ से संजीव कृष्ण ठाकुर ने भागवत महात्म्य पर प्रवचन दिए। इससे पहले सुबह गाजे-बाजे के साथ पोथी कलश यात्रा निकली। कलश यात्रा ख्वासजी का रास्ता से रवाना हुई, इसमें मंगल कलश लिए महिलाएं भजन गाते चलती नजर आई। श्रद्धालुओं ने पोथी सिर माथे रखी और अगुवानी करते ध्वज चला। कलश यात्रा यहां से रवाना होकर हवामहल बाजार, हैरिटेज गेस्ट हाउस होते हुए गोविंददेवजी मंदिर पहुंची। यहां गोविंददेवजी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी ने आरती उतारी। गुरुवार को कुंती चरित्र एवं शुकदेव-परीक्षित मिलन का प्रसंग सुनाया जाएगा। भागवत कथा 22 मई तक रोजाना दोपहर 2 बजे से शाम 5.30 बजे होगी।

देवालयों में बही भागवत ज्ञान की गंगा

व्यास पूजन के साथ कथा का शुभारंभ

गलता रोड हीदा की मोरी स्थित राम मंदिर के बलराम भागवत भवन में श्रीमद्भागवत कथा की शुरुआत हुई। इससे पहले मंगल कलशयात्रा निकली। राधा कृष्ण निकुंज से गाजे बाजे के साथ रवाना हुई कलशयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं कलश धारण किए मंगल गीत गाती निकली। यात्रा राधा कृष्ण निकुंज से रवाना होकर राम मंदिर कथा स्थल पहुंची। पं.सुरेश शास्त्री ने वृंदा पूजन और व्यास पूजन के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने भागवतजी की आरती उतारी। आयोजक रामेश्वर प्रसाद खंडेलवाल ने बताया कि कथा 22 मई तक रोजाना दोपहर एक से शाम 6 बजे तक होगी।

यहां भी शुरू हुई कथाएं

भाटिया बिरादरी प्रबंध समिति की ओर से आदर्श नगर स्थित भाटिया भवन में बुधवार को श्रीमद्भागवत कथा का श्रीगणेश हुआ। गोस्वामी शरद कुमार कोटा वाले ने पहले दिन भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डाला। दुर्गापुरा पुलिया के नीचे टोंक रोड स्थित तामरा गार्डन में पुरुषोत्तम शरण महाराज ने भागवत महात्म्य सुनाया। इससे पूर्व दुर्गापुरा अर्जुन नगर के शिव मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। कृष्ण भावनामृत सेंटर की ओर से वैशाली नगर स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल के सभागार में बुधवार को राम कथा का शुभारंभ हुआ। व्यासपीठ से स्वामी प्रियाशरण महाराज ने शाम 4 से 7:30 बजे तक कथा श्रवण करवाया।

खबरें और भी हैं...