स्पिनफेड : सरप्लस सहायक कर्मियों को अभियोजन विभाग में मिलेगी नौकरी
पॉलिटिकल रिपोर्टर.जयपुर | बंद हो चुकी स्पिनफेड के सहायक कर्मचारियों के लिए एक अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों की सहमति पर अभियोजन निदेशालय के विभिन्न कार्यालयों में रिक्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पदों पर एडजस्ट करने का निर्णय किया है। गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में हुई बैठक में इसके निर्देश जारी किए गए। कटारिया ने निचली अदालतों में सजा के प्रतिशत में गिरावट पर चिंता जताई। आईपीसी प्रकरणों में सजा का प्रतिशत 62 से गिरकर 59 प्रतिशत आ गया है। वहीं, सभी धाराओं में सजा का प्रतिशत 89 प्रतिशत आ गया है, जो पिछले साल के औसत से दो प्रतिशत कम है।
गृह मंत्री कटारिया को बताया गया कि निदेशालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 434 पद रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि स्पिनफेड के कर्मचारियों से अधिकतम रिक्त पदों को भरा जाए। इसके बावजूद पद रिक्त रहते हैं तो उनके लिए नियमानुसार भर्ती की जाए। कटारिया ने बताया कि प्रदेश में 16 जगह अभियोजन कार्यालय है और दो जगह निर्माण चल रहा है। अन्य जिलों में जहां कार्यालय बनाने के लिए जमीन नहीं है वहां जमीन आवंटित करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए अतिरिक्त निदेशक महेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
2 विधायक देंगे 10-10 लाख रु. : गृह मंत्री कटारिया ने अफसरों से कहा कि भवन निर्माण के खर्च के लिए स्थानीय विधायकों को तैयार करें। इस पर सांभरलेक में भाजपा विधायक निर्मल कुमावत और नोहर के लिए अभिषेक मटोरिया ने विधायक कोष से 10-10 लाख रु. दिए जाने पर सहमति दी।