आईबी के आईजी की कार का दूसरे दिन भी सुराग नहीं
जयपुर | टोंक रोड स्थित मुख्य सचिव के बंगले के बाहर से मंगलवार सुबह चोरी हुई आईबी के आईजी की कार को बुधवार रात तक भी कोई सुराग नहीं लगा। मोती डूंगरी थाना पुलिस का कहना है कि कार के आखिरी फुटेज मानसरोवर में बीटू बाईपास पर देखे गए थे। इसके आगे कार नजर नहीं आई। पुलिस टीमें भी कार को ढूंढने के लिए भेजी गई है। मंगलवार सुबह आईबी के आईजी केसी मीणा की सरकारी गाड़ी मुख्य सचिव के बंगले के बाहर खड़ी थी। ड्राइवर विनोद गाड़ी से बाहर निकलकर पास ही गया था तभी कोई गाड़ी चोरी करके ले गया।
टवेरा कार को ढूंढने के लिए मंगलवार को देर रात तक पूरे शहर में नाकाबंदी चलती रही लेकिन गाड़ी को कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस को टोंक रोड से कार चोरी होने के बाद अंबेडकर सर्किल से विधानसभा की तरफ जाते हुए फिर आखिरी फुटेज बीटू बाईपास के मिले। लेकिन नाकाबंदी पॉइंट से कार नहीं गुजरी।