कॉमर्शियल टावर में शॉर्ट-सर्किट से आग, लिफ्ट में फंसी युवती
क्राइम रिपोर्टर. जयपुर | विद्याधर नगर के सेन्ट्रल स्पाइन स्थित पांच मंजिला उन्नति टावर के बिजली पैनल में शॉर्ट सर्किट होने से बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। आग में बिजली की केबल जलने के तेज धुआं फेल गया। इस कारण आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ के दौरान एक युवती लिफ्ट से नीचे उतर रही थी। इस दौरान लाइट कटने से लिफ्ट बीच में ही रुक गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची विद्याधर नगर थाना पुलिस व दमकलकर्मियों ने लोहे की संबल से लिफ्ट का दरवाजा खोलकर बाहर निकाला। पुलिस ने पूरे टावर को खाली करवा दिया। मौके पर पहुंची 4 दमकलों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। थानाधिकारी राधा रमन गुप्ता ने बताया कि पूरा टावर कॉमर्शियल बना हुआ है। टावर में 300 से ज्यादा दुकानें और ऑफिस संचालित है। आग लगने के वक्त आधे से ज्यादा मार्केट खुल चुका था। पुलिस मॉल में मौजूद करीब ढाई सौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया।
आग सुबह करीब दस बजे ग्राउंड फ्लोर पर बने बिजली के पैनल में शॉर्ट सर्किट होने से लगी थी। देखते ही देखते आग बढ़ती हुई पांचवीं मंजिल पर पहुंच गई। गनीमत यह रही कि आग दुकानों में नहीं फैली वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। आग की लपटों से पांचवीं मंजिल पर लगी फाइबर शीट भी पूरी तरह से जल गई। फायर अफसर जलज घसिया ने बताया कि टावर प्रबंधन के पास फायर एनओसी भी नहीं है। इस संबंध में टावर अध्यक्ष को नोटिस जारी कर दिया। इसके अलावा कलेक्टर और अन्य संबंधित अधिकारियों को कार्यवाही के लिए पत्र लिख दिया है।