जयपुर | एटीएम लूटने आए बदमाश का दूसरे दिन भी मालवीय नगर थाना पुलिस कोई पता नहीं लगा पाई। पुलिस का कहना है कि बदमाश को ढूंढने के लिए करीब 15 जगह सीसीटीवी खंगाले गए हैं, टीम गठित की गई। है। लेकिन पुलिस को फिलहाल बदमाश के आने का रास्ता, वाहन और पहचान भी नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि गुरुवार रात को करीब 2 बजे जगतपुरा रोड पर एक्सिस बैंक के एटीएम में नकाब पहनकर आए बदमाश ने मशीन से रुपए लूटने का प्रयास किया था। बदमाश ने बूथ में लगे सीसीटीवी पर स्प्रे किया, जिससे नजर ना आ सके, लेकिन स्प्रे करने से बूथ में सायरन बज गया और वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही भाग निकला।