150 परिवारों को आज अजमेर रोड शिफ्ट कराने की तैयारी
जयपुर| मालवीय नगर स्थित सत्कार शॉपिंग सेंटर के पास अम्बेडकर कच्ची बस्ती को एक बार फिर पक्के मकान देने की तैयारी है। गुरुवार को बस्ती के 150 परिवारों को अजमेर रोड स्थित जयसिंहपुरावास में शिफ्ट किया जाएगा। जेडीए ने सहमति के बाद 4 टीमें बनाकर सामान ले जाने को गाड़ियां, ट्रैक्टर-ट्रॉली की व्यवस्था कर ली है। सालभर पहले बस्तीवालों को 15 किमी. दूर दिल्ली रोड पर (जयसिंहपुराखोर) पर बसाया जाना था, लेकिन बाद में बस्ती वाले इसके लिए बैकफुट पर आ गए। इसके बाद जेडीए ने उनकी सहमति के आधार पर इतनी ही दूरी पर दूसरी ओर अजमेर रोड के जयसिंहपुरा वास में शिफ्टिंग की प्लानिंग की। 3 माह पहले भी कैंप लगाए गए थे, लेकिन तब कुछ लोगों के विरोध के चलते बात नहीं बनी। बल्कि जेडीए को हुड़दंग करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराना पड़ा। बहरहाल अब जोन उपायुक्त बीरबल सिंह कहते हैं कि हमने 150 परिवारों से बातचीत के बाद शिफ्टिंग की प्लानिंग कर ली है।