जयपुर| जयपुर मंडल के उपनिदेशक कार्यालय ने प्रशिक्षण देने के नाम पर 5 शारीरिक शिक्षकों को जयपुर में लगाने की तैयारी की है। मजेदार बात यह है कि उपनिदेशक कार्यालय ने इनको लगाने के लिए बीकानेर प्रस्ताव भेजा है, जिसमें यह भी नहीं लिखा गया कि प्रशिक्षक के पद पर लगाए जा रहे शारीरिक शिक्षक किन खेलों का प्रशिक्षण देंगे। जयपुर में गुरुनानक संस्थान में शाला क्रीड़ा संगम केंद्र बना है। इस केंद्र पर एक सुपरवाइजर और 4 प्रशिक्षक लगाए जा रहे हैं। कुछ शारीरिक शिक्षकों ने उपनिदेशक के इस आदेश का यह कहते हुए विरोध किया है कि यह चहेतों को जयपुर में लगाने का प्रयास है। क्योंकि जिन शारीरिक शिक्षकों को यहां लगाया जा रहा है, उनका चयन कब और किन खेलों के लिए किया गया है। यह अधिकारी नहीं बता पा रहे हैं। इससे लगता है कि अधिकारी चहेतों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं।