क्राइम रिपोर्टर. जयपुर| जयपुर कमिश्नरेट में पावर बाइक पर आए बदमाशों ने बेखौफ होकर झोटवाड़ा, वैशालीनगर और मालवीयनगर इलाके में जमकर उत्पात मचाया। दो अलग-अलग वारदातों में शामिल आरोपियों ने जगतपुरा रोड पर एक्सिस बैंक लूटने का प्रयास किया तो वैशालीनगर व मालवीयनगर इलाके में 5 दुकानों के ताले तोड़कर नकदी-ज्वैलरी ले गए। तीन घंटे तक पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बजाए खानापूर्ति कर इतिश्री कर ली। दोनों वारदातों से पुलिस गश्त की पोल खुल गई। खास बात यह है कि आरोपियों के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हुए, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लगा।
पहली घटना : एटीएम लूटने के लिए कैमरे पर स्प्रे छिड़का तो अलार्म बजने लगा, पुलिस आने से पहले भागे बदमाश
मालवीयनगर जगतपुरा रोड पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में बुधवार देर रात बाद लूट करने के फिराक में घुसे बदमाशों को अलार्म बजने से उलटे पांव दाैड़ना पड़ा। दरअसल बदमाशों ने पहचान छुपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे छिड़क दिया था। इससे अलार्म बज उठा। सूचना पर मालवीयनगर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी फरार हाे गए। एटीएम मशीन में 9 लाख रुपए थे। वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से फुटेज लिए। इसमें एक बदमाश नजर आ रहा था, जिसने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। थाना प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि रात 2:10 बजे बैंक की हैड ऑफिस मुंबई से कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि जगतपुरा रोड स्थित एक्सिस बैंक में कुछ युवक तोड़फोड़ कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक बदमाश जा चुके थे। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि एक युवक ने एटीएम में घुसने के बाद वहां लगे सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे का छिड़काव कर दिया। स्प्रे के बाद अचानक सायरन बजने लगा। सायरन करीब 2 मिनट तक बजा। इससे आरोपी भाग गया। पुलिस उसकी पहचान करने के लिए एटीएम के आस-पास में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाल रही है।
दूसरी घटना: पांच दुकानों के ताले टूटे, दुकानदार ने बदमाशों का पीछा किया तो गुलेल से हमला किया
वैशाली नगर व झोटवाड़ा इलाके में खिरणी फाटक के पास बुधवार देर रात पावर बाइक पर आए 3 बदमाशों ने दो घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। बदमाश पांच दुकानों के ताले तोड़ दिए और लाखों रुपए की ज्वैलरी समेत अन्य सामान ले गए। आरोपियों का एक दुकानदार ने पीछा किया तो उन्होंने उस पर गुलेल से हमला कर दिया। चोट लगने पीछा करने वाले दुकानदार दिलीप सिंह घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची तो खानापूर्ति कर लौट गई। इससे गुस्साए व्यापारियों ने बुधवार सुबह बाजार बंद कर दिया और सड़क पर उतर आए। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। पड़ताल में सामने आया कि गुरुवार रात करीब 3:30 बजे झोटवाड़ा खिरणी फाटक के पास बदमाशों ने एक किराने की दुकान के ताले तोड़े और गल्ला साफ कर गए। इसके बाद पास में ही एक-एक कर चार और दुकानों के ताले तोड़े और जो हाथ लगा ले भागे।