मानसरोवर में न्यू सांगानेर रोड (रजत पथ के सामने से) से मांग्यावास तक करीब डेढ़ किमी में पहले 40 से 60 फीट चौड़ी रोड होने से ट्रैफिक जाम रहता था। जेडीए की प्रवर्तन विंग ने रविवार को कार्रवाई कर प्रस्तावित 100 फीट चौड़ी सेक्टर रोड के दायरे में आ रही 50 बिल्डिंग तोड़ दी। अब यहां 100 फीट चौड़ी सड़क बनाने का रास्ता साफ हो गया है। जेडीए ने यहां पर पिछले सप्ताह 200 बिल्डिंग पर लाल निशान लगाए थे, लेकिन ज्यादातर लोगों ने व्यापार मंडल की पहल पर खुद अपने स्तर पर ही बिल्डिंग तोड़ कर अवैध निर्माण हटा लिया। ताकि आवागमन का रास्ता खुले। कार्रवाई के दौरान जेडीए की प्रवर्तन विंग व भारी पुलिस जाब्ता भी मौजूद रहा। कुछ देर हुए विरोध को छोड़ कर दिनभर शांति से कार्रवाई चलती रही। जेडीए की प्रवर्तन विंग के मुख्य नियंत्रक राजेंद्र सिंह ने बताया कि कार्रवाई कर 50 बिल्डिंग तोड़ी है। करीब डेढ़ किमी तक रोड चौड़ी कर दी। केवल 4 बिल्डिंग में कोर्ट स्टे होने के कारण नहीं तोड़ी जा सकी है। उन पर भी जल्दी ही कार्रवाई करेंगे।
पहले यह थे हालात मांग्यावास से गुजरने वाली रोड कई जगह 40 फीट से भी संकरी है। सेक्टर रोड छोटी होने के कारण हमेशा ट्रैफिक जाम की दिक्कत रहती थी। सड़क पर मैरिज गार्डन भी थे। शादियों के सीजन में वाहनों की लंबी कतारे लग जाती थीं।
व्यापार मंडल की पहल : सेक्टर रोड बनाने का रास्ता खुला
अवैध निर्माण हटने के बाद जेडीए की इंजीनियरिंग विंग ने 100 फीट चौड़ी सेक्टर रोड बनाने की कवायद की है। न्यू सांगानेर व्यापार मंडल के अध्यक्ष बिरदीचंद चौधरी का कहना है कि न्यू सांगानेर (रजत पथ के सामने) से मांग्यावास के 80 फीट रोड तक सेक्टर रोड 100 फीट हो गई है। व्यापारी और लोग खुश हैं। वहीं, कुछ लोग विरोध में भी थे। इनका कहना है कि मानसरोवर व पृथ्वीराज नगर क्षेत्र में सैकड़ों सेक्टर रोड के कागजों में ही बनी हुई है। उन सेक्टर रोड की कोई सुध नहीं ली है। कुछ प्रभावशाली लोगों के फार्म हाउस व मैरिज गार्डन हैं। उनको फायदा देने के लिए यह काम हो रहा है।