जयपुर| झोटवाड़ा एलिवेटेड की चौड़ाई बढ़ाने का काम जल्द शुरू होगा। जेडीए ने इस काम के लिए जो टेंडर किया था, उसमें फर्म का चयन हो गया है। मै. टीआरजी इंडस्ट्रीज को जेडीए ने सहमति पत्र जारी कर दिया है। अब 108.74 करोड़ की लागत से काम आगे बढ़ेगा। जिस दिल्ली की फर्म को सहमति दी गई है, उसका जेडीए और राजधानी में यह पहला काम होगा। काम के लिए केवल दो ही फर्मों ने भाग लिया था। जानकारी हो कि राज्य सरकार ने 2016-17 की बजट घोषणा में काम को शामिल किया है। वहीं बीजेपी सरकार बनने के बाद से ही पुलिया के काम की बातें हो रही थी। जो अब इस महीने के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। फर्म को काम के लिए ढाई साल का समय दिया है। फिलहाल कालवाड़ व कालवाड़ से जयपुर आने-जाने वाले यातायात के लिए एकमात्र मार्ग झोटवाड़ा पुल ही है, जिसकी भी चौड़ाई कम होने से दिनभर जाम के हालात रहते हैं।