ओएन दीक्षित-आईटा रैंकिंग टेनिस में महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला। आमने-सामने थीं जयपुर टेनिस की दो सनसनी आयुषि तंवर और अलीम कमर। 9 साल के प्रियांश ने अकेले ही बहन का उत्साह बढ़ाते हुए ‘कम ऑन आयुषि कम ऑन’ की आवाजों से जय क्लब को गुंजायमान कर रखा था। आयुषि ने भी अपने भाई को निराश नहीं किया। तपती गर्मी में 2.45 मिनट तक संघर्ष करते हुए पहला सेट 1-6 से हारने के बाद वापसी की और अगले दोनों सेट 6-4, 6-3 से जीत खिताब हासिल किया। हालांकि मैच के दौरान लाइन कॉल को लेकर दो-तीन बार विवाद भी हुआ लेकिन मैच रेफरी गौरांग नलवाया के हस्तक्षेप से यह सुलझ गया।
दो खिताब के साथ ‘अरमान’ पूरे : 50 हजार रुपए इनामी राशि के इस टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग में अरमान भाटिया ने दो खिताब जीते। पहले एकल में महाराष्ट्र के अरमान ने एमपी के आकाश नंदवाल को 6-3, 6-3 से हरा खिताब जीता। फिर सागर आहूजा के साथ मिलकर युगल फाइनल में आकाश व अथर्व शर्मा को 6-4, 6-3 से हरा खिताबी जीत हासिल की। आयकर विभाग के अपर आयुक्त पृथ्वी सिंह व एसडीआर निदेशक संजीव सिंह ने खिलाड़ियोंं को पुरस्कार बांटे।