जयपुर| टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की नई सेडान कार यारिस की डिलीवरी शुक्रवार से शुरू हो गई। कंपनी को यारिस के लिए अभी तक करीब 4,000 बुकिंग मिली है। डिलीवरी शुरू होने के पहले ही कंपनी ने करीब 1,000 ग्राहकों को नई कार उपलब्ध करा दी। राजस्थान में भी कंपनी की सभी 19 डीलरशिप ने टोयटो यारिस की डिलीवरी शुरू कर दी है। कंपनी को प्रदेश में हर महीनेे लगभग 110 यारिस बिकने की उम्मीद है। अभी तक 60,000 से ज्यादा ग्राहक इसके बारे में पूछताछ कर चुके हैं।
कंपनी के महाप्रबंधक एच. एन सत्यनारायण ने बताया कि कंपनी के पास करीब दो माह के उत्पादन के बराबर बुकिंग है। इनकी डिलीवरी मई के अंत तक हो जाएगी। पूरे देश में यारिस का एक्स शोरूम मूल्य एक समान 8.75 से 14.07 लाख रुपए है। हालांकि ऑन रोड कीमत स्थानीय रोड टैक्स और अन्य करों के आधार पर अलग हो सकती है। यारिस उन्नत कार है। इसके निर्माण में यात्रियों की सुरक्षा पर ज्यादा फोकस किया गया है।
मांग निकलने से सोने में 100, चांदी में 250 रुपए की तेजी
जयपुर| मांग निकलने से शुक्रवार को जयपुर सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड व 22 कैरेट जेवराती सोना 100 रुपए प्रति दस ग्राम सुधर गया। चांदी में 250 रुपए प्रति किलोग्राम की तेजी रही। चांदी कलदार के भावों में बदलाव नहीं हुआ। वहीं, अमेरिकी वायदा कारोबार एक्सचेंज कॉमेक्स में जून डिलीवरी सोना 1.30 डॉलर की गिरावट से 1,288.90 डॉलर तथा जुलाई डिलीवरी चांदी 0.05 डॉलर घटकर 16.36 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी। इस सप्ताह ग्लोबल बाजार में सोना 1,300 डॉलर प्रति औंस से नीचे ट्रेड कर रहा है।
जयपुर सर्राफा भाव
चांदी (999) 40,900, चांदी रिफाइनरी 40,400 रुपए प्रति किलो। चांदी कलदार 68,000 रुपए प्रति सैकड़ा। सोना स्टैंडर्ड 31,900 रुपए, सोना जेवराती 30,300 रुपए तथा वापसी 29,400 रुपए प्रति दस ग्राम।