जयपुर| राज्य के मेडिकल कॉलेजों से संबंधित अस्पतालों में बॉर्डर होमगार्ड की तैनाती को अगले साल फरवरी तक बढ़ाने की सशर्त मंजूरी दे दी है। वहीं, सरकार ने इस साल प्रदेश में कानून-व्यवस्था, तीज-त्योहार एवं पारम्परिक मेलों में होमगार्ड को दो लाख 31 हजार 48 मेन डेज तैनात करने की भी स्वीकृति जारी कर दी है। गृह विभाग ने इस बारे में पुलिस महानिदेशक को मंजूरी का पत्र भेज दिया है।
गृह विभाग का कहना है कि मेडिकल कॉलेजों से संबंधित अस्पतालों में हॉस्पिटल प्रोटेक्शन फोर्स के लिए कांस्टेबलों के 137 पद स्वीकृत है। इन स्वीकृत अस्थाई पदों के विरुद्ध होमगार्ड की सेवाएं 28 फरवरी, 2019 तक जारी रखने की वित्तीय एवं प्रशासनिक दी है। शर्त लगाई गई है कि फोर्स में कांस्टेबलों की भर्ती के बाद सबसे पहले उन स्थानों पर इन कांस्टेबलों को तैनात किया जाएगा, जहां इन होमगार्ड को तैनात किया जा रहा है।
होमगार्ड के लिए 20 करोड़ का बजट
गृह विभाग के एसओ ओपी वर्मा के अनुसार इस वित्तीय वर्ष में उपलब्ध बजट प्रावधान 20 करोड़ रुपए की सीमा में दो लाख 31 हजार 48 होमगार्ड मेन डेज नियोजन की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी जारी कर दी गई है। इसके तहत पारम्परिक मेले एवं त्योहार के लिए 74115 मेन डेज, भेड़ निष्क्रमण में एक लाख 36 हजार 933 और राज्य में संभावित अन्य कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए 20 हजार अनुमानित होमगार्ड मेन डेज की स्वीकृतियां की है। पिछले साल की तुलना में यह मेन डेज कम हैं। वजह, एक अप्रेल से होमगार्ड जवानों का दैनिक मानदेय 325 रुपए से बढा़कर 693 रुपए कर दिया है। जरूरत के अनुसार आगे मेन डेज बढ़ाया भी जा सकता है।