अक्षय तृतीया : बाजारों में रौनक, 25% बढ़ा कारोबार
सोना साढ़े चार साल की ऊंचाई पर होने के बावजूद अक्षय तृतीया को ज्वैलरी शोरूमों पर दिनभर ग्राहकों को तांता लगा रहा। इसके चलते आम दिनों की मुकाबले बुधवार को ज्वैलरी कारोबार करीब 20 फीसदी ज्यादा हुआ। हालांकि ज्वैलर्स कारोबार में 50 फीसदी तक उछाल की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। काबिलेगौर है कि पिछली अक्षय तृतीया के मुकाबले इस साल सोना 10 फीसदी महंगा था। पिछले साल अक्षय तृतीया को स्टैंडर्ड सोना 29,200 रुपए प्रति दस ग्राम था, जबकि इस साल भाव 32,125 रुपए है। ज्वैलर्स ने बताया कि सोना महंगा होने के बावजूद आभूषण बाजार में सकारात्मक माहौल था। दिनभर ग्राहकों की आना जारी रहा। हालांकि 10,000 से 50,000 कीमत की ज्वैलरी ही ज्यादा बिकी। अक्षय तृतीया को सोना खरीदना शुभ होने के मद्देनजर ग्राहकों ने अंगूठी, ईयर रिंग्स, टाप्स जैसे ट्रेंडी आयटम ज्यादा खरीदे। कारोबार पिछले साल के मुकाबले अच्छा रहा। ज्वैलर्स का कहना है कि अक्षय तृतीया ज्वैलर्स के लिए सकारात्मक संकेत लेकर आई है। गारमेंट सहित दूसरे बाजारों में कारोबार में 25% तक बढ़त देखी गई।
पिछले साल से सोना 10 फीसदी महंगा, फिर भी ज्वैलरी कारोबार को मिला बूस्ट
सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी जयपुर के अध्यक्ष कैलाश मित्तल का कहना है कि अक्षय तृतीया की वजह से ज्वैलरी कारोबार को बूस्ट मिला है। काफी समय से ज्वैलरी कारोबार सुस्त था, लेकिन बुधवार को बाजार में ग्राहकों का फुटफाल ज्यादा रहा। यह आभूषण कारोबार के लिए शुभ संकेत है। श्रीनाथ एंटरप्राइजेज के निदेशक मनीष खूंटेटा का कहना है कि माहौल को देखते हुए ज्वैलरी कारोबार में 50 फीसदी की उम्मीद थी, लेकिन कीमतें ऊंची होने से यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। अक्षय तृतीया के अबूझ सावे के मद्देनजर ग्राहकों ने पहले ही खरीदारी कर ली थी। इसका असर भी पड़ा।
इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के कारोबार में भी उछाल
गणेशम के एमडी ललित धोका का कहना है कि अक्षय तृतीया पर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों खासकर एसी व रेफ्रिजरेटर के कारोबार 30 फीसदी तक ज्यादा हुआ। आईपीएल की वजह से एलईडी टीवी बिक्री को भी बूस्ट मिला। अक्षय को नई वस्तु खरीदना शुभ होने की वजह से सुबह से ही इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूमों पर ग्राहक की चहल-पहल शुरू हो गई थी। देर रात खरीदारी के लिए ग्राहक आते रहे। इलेक्ट्रो प्लाजा के सीईओ संजीव सुरोलिया ने बताया कि अक्षय तृतीया पर ओवरऑल सभी इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का कारोबार पिछले साल के मुकाबले 20 फीसदी रहा। लेकिन सबसे ज्यादा कारोबार एसी व रेफ्रिजरेटर जैसे कुलिंग उत्पादों का हुआ।
ऑटोमोबाइल बाजार ने पकड़ी रफ्तार
ऑथराइज्ड मोटर व्हीकल डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव सांई गिरधर का कहना था कि अक्षय तृतीया को वाहन बिक्री ने भी अच्छी रफ्तार दिखाई। दोपहिया व चार पहिया वाहनों की बिक्री में करीब 50 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली। अक्षय तृतीया को जयपुर में ही करीब एक हजार कारें बिकने का अनुमान है, जबकि अमूमन बुधवार को 500 कारों की ही बिक्री होती। सतनाम होंडा के निदेशक हरपाल सिंह ने बताया कि काफी समय से दोपहिया वाहन कारोबार सुस्त था, लेकिन अक्षय तृतीया की वजह से दोपहिया वाहनों की बिक्री ने भी रफ्तार पकड़ी है।
चांदी में 200 रुपए की तेजी
भाव: चांदी (999) 40,450, चांदी रिफाइनरी 39,950 रुपए प्रति किलो। चांदी कलदार 68,000 रुपए प्रति सैकड़ा। सोना स्टैंडर्ड 32,125 रुपए, सोना जेवराती 30,500 रुपए तथा वापसी 29,600 रुपए प्रति दस ग्राम।