उम्र सीमा 4 साल बढ़ाई, 27 साल के युवा ले सकेंगे हिस्सा
राज्य मंत्रिमंडल ने राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले युवाओं की अधिकतम उम्र सीमा 4 साल बढ़ाते हुए 27 साल तक किए जाने को मंजूरी दे दी है।
कैबिनेट से सर्कुलेशन के जरिए नियमों में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूर करवाया गया। इसका फायदा उन सभी युवाओं को मिलेगा जिनकी उम्र 1 जनवरी, 2019 को 27 साल हो रही है। कांस्टेबल के 13,912 पदों पर भर्ती होगी। इसकी तिथि पुलिस मुख्यालय से जल्द जारी होने की उम्मीद है। हाल ही रद्द हुई भर्ती परीक्षा में जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन कर दिए हैं, उन्हें नए आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। जो वंचित रह गए या फिर जिनके आवेदनों में कोई संशोधन किया जाना है, उनको इसकी छूट मिलेगी।
गौरतलब है राज्य सरकार ने गत बजट में घोषित 5500 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे। इस परीक्षा में कई तरह की धांधलियां सामने आने पर उसे रद्द करना पड़ा था। परीक्षा में करीब 16 लाख युवाओं ने आवेदन किया था।
अब 8412 पदों को जोड़कर 13,912 पदों के लिए नए सिरे से परीक्षा होगी। गृह विभाग के अनुसार राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती नियमों में पहले पात्र अभ्यर्थियों की उम्र 18 साल से 21 साल तय थी। राज्य सरकार ने वर्ष 2004 में इसमें संशोधन कर सभी तरह की भर्तियों में उम्र की छूट दो साल बढ़ा दी थी। इससे अधिकतम उम्र सीमा 23 साल हो गई। वर्ष 2005 में राज्य सरकार ने उम्र में दी गई दो साल की छूट वापस ले ली। यानी फिर से अभ्यर्थियों की उम्र सीमा 18 से 21 साल कर दी गई। गृह विभाग ने कैबिनेट के सामने वर्ष 2005 में दो साल की छूट को खत्म करने संबंधी प्रस्ताव को वापस लेने तथा छूट सीमा चार साल और बढ़ाने का प्रस्ताव दिया। प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूदी दे दी।