पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सड़क पर गंदा पानी, राहगीर परेशान

सड़क पर गंदा पानी, राहगीर परेशान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रामगढ़. कस्बे के मुख्य बाजार में पसारा गंदा पानी।

रामगढ़ | रामगढ़ में चारों तरफ फैली गंदगी स्वच्छ भारत अभियान का मुंह चिढ़ा रही है और स्वच्छता को लेकर ग्राम पंचायत उदासीन है। कस्बे के मुख्य बाजार सहित विभिन्न गली मौहल्लों में गंदगी का साम्राज्य स्थापित हो गया है। मुख्य बाजार में बने गंदे पानी के निकासी के नाले के अवरूद्ध होने से बाजार में भारी मात्रा में गंदा पानी एकत्र हो गया है। जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और दुकानदारों के साथ आम राहगीर भी परेशान है। इस संबंध में ग्राम पंचायत को कई बार अवगत कराने के बाद भी समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कस्बे में जगह जगह बिखरी गंदगी बीमारियों का कारण बन रही है वहीं आमजन परेशान है। ग्राम पंचायत के स्वच्छता के प्रति उदासीन रवैए के चलते जगह जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं। गंदगी की वजह से दुर्गंधयुक्त वातावरण बना हुआ है। जिससे लोगों का जीवन मुहाल हो गया हैं। कस्बे में व्याप्त समस्याओं की सुध नहीं ली जा रही है। प्लास्टिक पर प्रतिबंध का असर ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं नजर नहीं आ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक का उपयोग बेरोकटोक हो रहा है। जिला प्रशासन द्वारा चलाई जा रही प्लास्टिक मुक्त जैसलमेर की मुहिम केवल शहर तक ही सिमट कर रह गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक का उपयोग लगातार जारी है। चाय की दुकानों में प्लास्टिक के कपों का जमकर उपयोग किया जा रहा है जो हानिकारक होने के साथ गंदगी फैलाने का काम भी करते है। प्लास्टिक के कप व थैलियां नालियों में गिर कर नालियों काे अवरूद्ध कर देती है जिससे गंदा पानी ओवर फ्लो होकर रास्ते पर फैल जाता है।

खुले नाले से हादसे की आशंका : कस्बे में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से घरों का गंदा पानी गलियों में पसरा रहता है। कस्बे के विभिन्न गली मौहल्लों में फैला गंदा पानी बीमारियों को खुला निमंत्रण दे रहा है। कस्बे में बना गंदे पानी की निकासी के नाले की लंबे समय से सफाई नहीं की गई है। जिससे नाला पूरी तरह से अवरूद्ध हो चुका है। नाले के कुछ स्थानों पर पट्टियां लगाई है लेकिन वो भी व्यवस्थित नहीं है। खुले नाले की वजह से हादसे की आशंका बनी हुई। कोई भी राहगीर या मूक पशु हादसे का शिकार हो सकता है। कस्बे के मुख्य बाजार में पिछले 15 दिनों से गंदा पानी पसरा हुआ है ऐसे में दुकानदारों के साथ आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

खबरें और भी हैं...