कर्नाटक में चल रहे घटनाक्रम के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले प्रजातंत्र बचाओ दिवस मनाया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंद भार्गव के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कलेक्ट्रेट के सामने किए गए धरना व प्रदर्शन में कांग्रेस ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया तथा जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर संविधान का एनकाउंटर किए जाने के विरोध में प्रजातंत्र बचाओ दिवस के तहत कर्नाटक में चल रहे घटनाक्रम की जमकर आलोचना की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना स्थल पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंद भार्गव ने कर्नाटक के समूचे घटनाक्रम को लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भाजपा सरकार ने लोकतंत्र का गला घोटने का काम किया है। पूर्व विधायक गोवर्धन कल्ला ने कर्नाटक में पूर्ण बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा को सरकार बनाने का मौका देने की कड़े शब्दों में निंदा की। पूर्व विधायक मुल्तानाराम बारूपाल ने कहा कि भाजपा के झूठे वादों की अब पोल खोल चुकी है। जनता का विश्वास अब भाजपा से उठ चुका है। पीसीसी महासचिव सुनीता भाटी ने कहा कि कर्नाटक में हुए घटनाक्रम से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा की प्राथमिकता सत्ता में बने रहना है। इस अवसर पर जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने कर्नाटक में हुए घटनाक्रम की कड़े शब्दों में निंदा की तथा भाजपा को आड़े हाथों लिया। इस अवसर पर राधेश्याम कल्ला, उम्मेद आचार्य, गिरीश व्यास, शंकरलाल माली, राणमल शारदा, सुमार खान, राणसिंह चौधरी, उम्मेदसिंह नरावत, अमीन खां, जनकसिंह भाटी, हरिवंश व्यास पोकरण, यूथ अध्यक्ष विकास व्यास ने भी धरनास्थल को संबोधित करते हुए कर्नाटक में हुए घटनाक्रम की कड़े शब्दों में निंदा की। इस अवसर पर पूर्व सभापति अशोक तंवर, महेंद्र चौधरी, धर्मेंद्र आचार्य, प्रेमलता चौहान, कमलेश छंगाणी, उपेंद्र आचार्य, अनुराग ओझा, छोटू खान कंधारी, भगवानसिंह शेखावत समेत अन्य लोग मौजूद थे।