जैसलमेर | किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में बताया कि फसल का उत्पादन लागत मूल्य नहीं मिलने, प्राकृतिक आपदाओं, रोग व कीट से फसलों के खत्म होने पर फसल बीमा के सही क्रियान्वयन के अभाव में जोखिम कवर उपलब्ध नहीं होने से किसान आर्थिक रुप से परेशान है। संघ द्वारा समय समय पर आंदोलन कर किसानों की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा गया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने से किसान परेशान है। ज्ञापन देकर सभी फसलों का लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य तय कर अंतरराशि भुगतान योजना लागू करने, सभी फसलों का लाभकारी समर्थन मूल्य घोषित कर साल भर सभी फसलों की लाभकारी मूल्य से खरीद करने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का किसानों को समुचित लाभ दिलवाने, किसानो को कर्ज मुक्त करने सहित किसानों के हितों में सकारात्मक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देते समय देवीलाल, गुलाबसिंह, माधुसिंह, लखसिंह, जगदीश, किशनाराम, हड़वंतसिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।
जैसलमेर. कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे किसान संघ के सदस्य।