जिलें में खेलों के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे जिससे खिलाड़ी राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले का नाम गौरवांवित कर सकेंगे। यह विचार कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने सोमवार सुबह इंदिरा इंडोर स्टेडियम में संपन्न हुई 35वीं राज्य स्तरीय यूथ बास्केटबाल प्रतियोगिता के संपन्न होने के उपलक्ष्य में आयोजन समिति द्वारा आयोजित खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में बोलते हुए व्यक्त किए। बालक वर्ग में जैसलमेर बास्केटबाल अकादमी द्वारा स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि बास्केटबाल अकादमी के खिलाड़ियों को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि आगामी दिनों में उदयपुर में आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय यूथ बास्केटबाल प्रतियोगिता में और अधिक अच्छा प्रदर्शन कर सके।
सभापति कविता कैलाश खत्री की अध्यक्षता में आयोजित समारोह के आरंभ में आयोजन समिति के अध्यक्ष आशाराम सिंधी ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय को समर्पित इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग में 28 जिलों तथा बालिका वर्ग में 22 जिलों के 700 खिलाड़ियों ने भाग लिया। आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए जो आवास, भोजन, यातायात एवं पेयजल की व्यवस्थाएं की गई थी वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के समक्ष थी। इस अवसर पर कलेक्टर जोरवाल का सभापति ने माल्यार्पण एवं शाल ओढ़ाकर तथा आयोजन समिति के अध्यक्ष आशाराम सिंधी, आयोजन सचिव पीएस राजावत तथा श्यामलाल गहलोत स्मृति सेवा संस्थान के मनवंत गहलोत, जिला खेल परिषद के उपाध्यक्ष हिम्मताराम चौधरी, खेल अधिकारी लक्ष्मणसिंह तंवर, बास्केटबाल प्रशिक्षक राकेश विश्नोई तथा सहायक प्रशिक्षक मनीष तंवर ने स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। समारोह की अध्यक्ष सभापति का नीलम विश्नोई ने माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर जोरवाल ने रायल डेजर्ट सफारी का कैमल कारवां उपलब्ध करवाने के लिए जितेंद्रसिंह राठौड़, खिलाड़ियों को वातानुकूलित आवास व्यवस्था उपलब्ध करवाने के लिए होटल व्यवसायी भाटी हाजी नवाब अली, हरीश शर्मा, गाजी खान को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाली जिले की बालिका वर्ग की टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। अंत में खेल अधिकारी लक्ष्मणसिंह तंवर ने राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
जैसलमेर. समारोह के दौरान कलेक्टर को स्मृति चिह्न प्रदान का स्वागत करते हुए।