स्थानीय इंदिरा इंडोर स्टेडियम मे खेली जा रही 35वीं राज्य स्तरीय यूथ बास्केटबाल प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हुई। इस अवसर पर आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक छोटू सिंह भाटी तथा समारोह की अध्यक्षता पोकरण विधायक शैतानसिंह राठौड़ ने की। समापन समारोह में नगर परिषद सभापति कविता खत्री, पुलिस अधीक्षक गौरव यादव, कर्नल उगमसिंह साेढ़ा, कर्नल विजयसिंह खंुगा, कर्नल अशोक, सरदार परमजीतसिंह बरसाल तथा कमलजीत कौर बरसाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
श्यामलाल गहलोत स्मृति सेवा संस्थान के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के फाइनल मैच में भीलवाड़ा ने जयपुर को 56-37 अंकों से पराजित कर प्रतियोगिता के बालिका वर्ग मे विजेता का खिताब जीता। इसी प्रकार बालक वर्ग के फाइनल मैच में जैसलमेर अकादमी ने सीकर को 89-69 अंकों से पराजित कर विजेता का खिताब जीता। इससे पूर्व दोपहर को खेले गए हार्डलाइन मुकाबलों में बालक वर्ग में जयपुर ने तथा बालिका वर्ग में जयपुर अकादमी ने अपने अपने मैच जीत कर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जैसलमेर बास्केटबाल अकादमी के खिलाड़ी राजवीरसिंह भाटी तथा बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब राशि खोतानी ने अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के आयोजन समिति के सचिव पीएस राजावत ने बताया कि प्रतियोगिता के तीसरे दिन सुबह खेले गए बालक वर्ग के सेमीफाइनल मैचों में जैसलमेर अकादमी ने नागौर को 51-39, सीकर ने जयपुर को 50-30 अंकों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इसी प्रकार बालिका वर्ग में भीलवाड़ा ने राजसमंद को 44-29 और जयपुर ने जयपुर अकादमी को 35-26 से पराजित कर प्रतियोगिता के फाइनल में अपनी जगह बनाई।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन शाम को खेले गए बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल मे सीकर ने जैसलमेर को, जैसलमेर अकादमी ने अजमेर को, जयपुर ने हनुमानगढ़ को, नागौर ने अलवर को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसी प्रकार बालिका वर्ग में भीलवाड़ा ने बारां को, राजसमंद ने अलवर को, जयपुर अकादमी ने दौसा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में अतिथियों ने प्रतियोगिता के विजेता, उपविजेता तथा तीसरे स्थान पर रहे खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार व चल वेजयंतियां प्रदान की। विजय बलाणी द्वारा संचालित समापन समारोह में बास्केटबाल अकादमी जैसलमेर के बास्केटबाल प्रशिक्षक राकेश बिश्नोई को प्रतियोगिता में उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार क्वीन हरीश ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। मुख्य अतिथि द्वारा क्वीन हरीश को पुरस्कार कर सम्मानित किया।
जैसलमेर. बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विजेता टीम के साथ अधिकारी व जनप्रतिनिधि।