जाखल स्टेशन पर मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतरे
जाखल रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक रेल दुर्घटना में मालगाड़ी पटरी से उतर गई। मालगाड़ी के दो डिब्बे अलग-अलग जगहों से पटरी से उतरते हुए ट्रैक में फंस गए। घटना में किसी भी प्रकार का जान माल का नुकसान नहीं हुआ लेकिन मालगाड़ी में होने वाली लोडिंग का काम बाधित हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए व घटना की जांच करते हुए पटरी से उतरे डिब्बों को अलग कर उसे पुन: ट्रैक पर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
रेलवे स्टेशन के यार्ड में माल की लोडिंग के लिए एक खाली मालगाड़ी को ट्रैक पर लाया जा रहा था। करीब 6 बजकर 50 मिनट पर अचानक गाड़ी के बीचों बीच लगे डिब्बे के पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए। जिससे गाड़ी में अचानक बड़ा झटका लगा। झटका लगते ही पटरी से उतरे उक्त एक डिब्बे से चार डिब्बे छोड़कर एक ओर डिब्बा भी पटरी से उतर गया। गाड़ी के चालक परिचालक घटना का पता चला तो जानकारी रेलवे प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन अधीक्षक सूरजभान शर्मा, रेल पथ निरीक्षक प्रीतम नोनीवाल, निर्माण विभाग निरीक्षक एसके मिश्रा के अलावा रेलवे सुरक्षा बल पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटना की छानबीन शुरू कर दी।
स्टेशन पर पटरी से उतरे मालगाड़ी के डिब्बे।
6 महीने पहले भी हुई थी दुर्घटना
इसी तरह की घटना करीब छह महीने पहले भी हो चुकी है। जिसमें भी एक मालगाड़ी का डिब्बा अचानक पटरी से नीचे उतर कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। लेकिन ज्यादा नुकसान नहीं हुआ था।
अधिकारियों को दी सूचना
स्टेशन अधीक्षक सूरजभान शर्मा ने कहा कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। वहीं इसके कारण कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। मालगाड़ी के पटरी से उतरते ही इसकी जांच करने के साथ साथ गाड़ी को पुन: ट्रैक पर लाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। जिसके लिए रेल कर्मियों की कई गैंग मौके पर बुलाई ली गई। जिनकी सहायता से पटरी से उतरे डिब्बों को पुन: ट्रैक पर लाने का कार्य किया गया।
लोडिंग का काम कई घंटों बाद हुआ
बताया जाता है कि मालगाड़ी में हैफेड का चावल लोड किया जाना था। लेकिन खाली मालगाड़ी के दौरान ही इसके पटरी से उतरने की घटना घटने के कारण इसके लोडिंग का काम काफी देर तक रुक गया।