स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की चेतावनी दी
निजी स्कूल संचालकों द्वारा नियमों एवं कायदे कानून को ताक पर रखकर चलाई जा रही बसों को लेकर पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। दैनिक भास्कर के फतेहाबाद अंक में समाचार प्रकाशित होने के तुरंत बाद पुलिस ने जाखल के विभिन्न करीब एक दर्जन निजी स्कूल संचालकों की बैठक बुलाकर उन्हें इस संदर्भ में नोटिस जारी किए। स्कूल संचालकों को नोटिस जारी करने के साथ ही कड़ी चेतावनी भी दी गई कि सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर चलाए जाने वाले वाहनों से अगर कोई भी हादसा होता है तो इसके लिए स्कूल प्रिंसिपल, स्कूल प्रबंधक निजी तोर पर जिम्मेवार होंगे।
जाखल में नियमों एवं कायदे कानून की परवाह किए गए बिना चल रही खटारा बसों के मामले को आज दैनिक भास्कर द्वारा अपने फतेहाबाद अंक में छापा गया था। जिस पर पुलिस प्रशासन की ओर से जाखल थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने तुरंत दोपहर बाद विभिन्न निजी स्कूल इंचार्ज की बैठक बुलाई। जिसमें कर्नल स्कूल चुड़ल, केएम सरस्वती जाखल, सरस्वती स्कूल जाखल गांव, गुरू तेग बहादुर पब्लिक स्कूल तलवाड़ा, करतार सिंह सराभा स्कूल म्योंद कलां, स्वामी दयानंद पब्लिक स्कूल सिधानी, डीएवी पब्लिक स्कूल जाखल मंडी, गुरु गोबिंद सिंह स्कूल मुस्सा, विक्टर विशाल स्कूल जाखल गांव, अरिहंत पब्लिक स्कूल, गोल्डन वैली स्कूल सहित सभी करीब एक दर्जन स्कूल संचालकों ने भाग लिया। जिन्हें नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई कि वह माननीय उच्च न्यायालय पंजाब एंड हरियाणा के ओर से जारी निर्देशों की पूर्ण तोर पर पालना करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर स्कूल इंचार्ज, प्रिंसिपल, चालक व परिचालक स्वयं जिम्मेवार होंगे। वहीं थाना प्रभारी द्वारा इस दौरान सभी स्कूल संचालकों को निर्धारित नियम एवं निर्देशों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। स्कूल संचालकों द्वारा इन नियमों पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने कहा कि इस मामले में कुछ ही दिनों बाद पुलिस द्वारा स्कूल वाहनों की औचक जांच की जाएगी। जिसमें कमियां पाई जाने पर विभाग की ओर से नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी