टोहाना | पिछले 12 दिनों से शहर में सफाई न होने के कारण जगह जगह गंदगी के ढेर लगने लगे हैं। हालांकि नगर पार्षदों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के कुछ स्थानों पर सफाई अभियान चलाया। इस बीच नगर परिषद के ईओ डॉ. प्रदीप हुड्डा ने आमजन से अपील की थी कि वे आसपास सफाई रखें तथा कचरे को डंपर में डालें। जिसका असर दिखने लगा है। मेन बाजार में अजय सिंगला आदि ने अपने आसपास सफाई कर अन्य दुकानदारों को सफाई के लिए प्रेरित किया वहीं अग्रसेन चौक में विजय कुमार जाखल वाले, रोबिन गर्ग व योगेश जैन आदि ने भी चौक स्थित अपनी दुकानों के आसपास जमा गंदगी को एकत्रित कर चौक के डंपर में डाला।