चोरी, छीना झपटी व लूटपाट जैसी घटनाओं पर काबू पाने व ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों तक पहुंचने के लिए पुलिस को आम नागरिकों का विशेष सहयोग करना चाहिए है। जिसके बिना ऐसी घटनाओं पर पूर्ण तौर पर अंकुश लगा पाना भी असंभव होगा। यह बात जाखल थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बीते दिन क्षेत्र में घटी विभिन्न आपराधिक घटनाओं को लेकर बुलाई गई मंडी के गणमान्य नागरिकों की बैठक में कही।
बैठक में मंडी के व्यापारी, दुकानदारों, सामाजिक, राजनीतिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में थाना प्रभारी ने सभी दुकानदारों से आह्वान किया कि वह अपनी अपनी दुकानों पर सीसीटीवी लगवाना सुनिश्चित करें। वहीं कम से कम से हरेक गली में एक अथवा दो जगहों पर कैमरे अवश्य लगवाएं। इसके साथ उन्होंने बाजारों में रात के समय चौकीदारों को भी तैनात करवाने के लिए कहा। थाना प्रभारी ने क्षेत्र में सुख-शांति व अमन चैन भाईचारा कायम करने के लिए आगे आने की अपील की व कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को देखते ही वह तुरंत पुलिस को सूचित करें।
उन्होंने मंडी में महिला दर्शना देवी को सम्मोहित करके कानों के बालियां व अंगूठी निकाले जाने, नई मंडी में बुजुर्ग पर आधी रात को हमला कर लूटने व रेलवे स्टेशन के पास भी बुजुर्ग के साथ मारपीट कर लूटने की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पुलिस इन मामलों को पूरी गंभीरता से ले रही है। ऐसी घटनाएं पुन: न घटें इसके लिए ओर ज्यादा मुस्तैदी से काम किया जाएगा। बैठक में हरीश गर्ग, सीता राम मित्तल, नौहरचंद गोयल, अरूण गुप्ता, शाम लाल गोयल, संजय जिंदल, करनैल खिप्पल, किरण शर्मा, चिमन लाल, जीवन गर्ग, सोनू गोयल, नत्थूराम, कांत जैन के अलावा म्योंद चौकी प्रभारी रघुबीर, एसआई ओमप्रकाश, दयाराम भी मौजूद रहे।
चोरी, छीना झपटी व लूटपाट जैसी घटनाएं रोकने के लिए गणमान्य नागरिकों की बैठक लेते थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद।