फगवाड़ा में तनाव के बीच खुले बाजार, बीएसएफ और आरएएफ ने संभाली सुरक्षा
फगवाड़ा में शुक्रवार रात को दाे पक्षों में हुए विवाद के बाद रविवार को शहर में माहौल शांत रहा हालांकि तनाव की स्थिति जरूर बनी हुई है। इसी बीच भारी पुलिस फोर्स के साथ एसडीएम फगवाड़ा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला। एसपी फगवाडा पीएस भंडाल ने बताया फगवाड़ा में पंजाब पुलिस के अलावा बीएसएफ, आरएएफ, एआरपी के 2 हजार से ज्यादा जवान और महिला पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
बता दें कि विवाद में नामजद किए गए लोगों में से चार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसएसपी कपूरथला संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को मिले एविडेंससिस के आधार पर दीपक भारद्वाज, इंद्रजीत करवल, शिवी बत्ता और राजीव चैल को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार रात को हुए विवाद को भड़काने वाले सभी लोगों की पहचान की जा रही है और मामला भड़काने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
जनरल समाज के पदाधिकारी एसपी से मिले, कहा-माहौल खराब करने वालों को नहीं किया गिरफ्तार
कोर्ट कांप्लेक्स के बाहर तैनात पुलिस फोर्स। -भास्कर
जनरल समाज ने कार्रवाई को एकतरफा बताया
जनरल समाज मंच के लोगों ने श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में बैठक के बाद एसपी पीएस भंडाल से मुलाकात की। मौके पर डीसी कपूरथला मोहम्मद तैयब भी एसपी कार्यालय पहुंचे। जरनल समाज के पदाधिकारियों ने कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए कहा कि जिन्होंने फगवाड़ा का माहौल खराब करने की कोशिश की थी, प्रशासन ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया। उन्होंने डीसी मोहम्मद तैयब से मांग की है कि मामले के तूल देने वालों पर पुलिस शिंकजा कसे और मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। वहीं, डीसी कपूरथला ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा में स्थिति नार्मल है।
प्रशासन की ओर से भी जारी रहीं बैठकें... रविवार को प्रशासन की ओर से बैठकों का दौर जारी रहा। डीसी कपूरथला मोहम्मद तैयब, एडीसी फगवाड़ा बबीता कलेर, एसएसपी कपूरथला संदीप शर्मा, एसपी फगवाड़ा पीएस भंडाल समेत अन्य अधिकारियों की ओर से भी लगातार बैठकें की जा रही हैं।
डीसी कपूरथला मोहम्मद तैयब से बात करते हुए जनरल समाज मंच के लोग।
प्रशासन ने कुलविंदर के इलाज के लिए जमा कराए पैसे
डीसी कपूरथला मोहम्मद तैयब ने बताया कि मामले में जख्मियों के इलाज का सारा खर्च पंजाब सरकार की ओर से किए जाने की ऐलान की गई है। उन्होंने बताया कि यशवंत कुमार बॉबी का डीएमसी लुधियाना में इलाज चल रहा है। डीसी लुधियाना प्रदीप अग्रवाल की ओर से अलग-अलग नायब तहसीलदारों की ड्यूटी 24 घंटे डीएमसी अस्पताल में लगाई गई है जबकि जिला प्रशासन कपूरथला की ओर से एसपी कपूरथला जसकिरणजीत सिंह तेजा व बीडीपीओ फगवाड़ा जसबीर सिंह मिन्हास की ड्यूटी वहां लगाई गई है। डीसी मोहम्मद तैयब ने बताया कि जख्मी कुलविंदर का इलाज होशियारपुर रोड, रामा मंडी (जालंधर) नजदीक जौहल अस्पताल में चल रहा है। कुलविंदर के इलाज के लिए जिला रेडक्रॉस सोसायटी कपूरथला की ओर से 1.25 लाख रुपए का चेक रविवार को जौहल अस्पताल को सौंप दिया गया है जबकि बीते कल उसके परिवार की ओर से इलाज के लिए एडवांस के तौर पर जमां करवाई 20 हजार रुपए की राशि आज डा. बलजीत सिंह जौहल की ओर से परिवार को वापस कर दी है।