सैल कम होने पर घबराएं नहीं लोग आईएमए चलाएगी अभियान : डॉ. मुकेश
अपने आसपास बारिश या किसी नल से लीक होने वाले पानी को जमा न होने दें।
जालंधर| राष्ट्रीय डेंगू दिवस के मौके पर बुधवार को सिविल अस्पताल स्थित नर्सिंग स्कूल में एक जिला स्तरीय कार्यक्रम किया गया। इसमें सिविल सर्जन डॉ. जसप्रीत कौर ने बताया कि डेंगू मच्छरों के लार्वा साफ पानी में पनपते हैं।
ऐसे में अपने आसपास बारिश या किसी नल से लीक होने वाले पानी को जमा न होने दें। डेंगू के ज्यादातर मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं होती। आईएमए प्रधान डॉ. मुकेश गुप्ता ने बताया कि हमारी टीमें लोगों को जागरूक करेंगी कि अगर बुखार के मरीज के सैल कम भी हैं तो घबराएं न। सैल कम होने का डर मरीजों में इस कदर हावी है कि वह हर कीमत पर अस्पताल में भर्ती हो जाना चाहते हैं। आईएमए आने वाले बरसात के सीजन में लोगों को डेंगू और सैल कम होने से जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाएगी। डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नर्सिंग स्कूल की छात्राओं ने एक जागरूकता नाटक का मंचन भी किया। मौके पर डॉ. श्री कृष्ण शर्मा, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. प्रीत कमल, बलजिंदर, और प्रिं. गुरबख्श कौर मौजूद रहे।