जालंधर/नई दिल्ली| पहाड़ों पर मौसम में बदलाव और सूबे में बढ़ते तापमान के बीच शनिवार दोपहर धूलभरी आंधी के साथ कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई। लगभग आधा घंटा तक विजिबिलिटी काफी कम रही। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार के बाद सूबे में एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। पारा 42 के पार पहुंचेगा। गर्मी बढ़ेगी और कुछ इलाकों में तेज धूलभरी हवाएं चल सकती हैं।
उधर, अलर्ट... उत्तर भारत में आंधी-तूफान का खतरा
यमन की खाड़ी से उठा समुद्री चक्रवात ‘सागर’ सोमालिया तट पहुंच चुका है। इसके असर से रविवार को केरल, लक्षद्वीप सहित दक्षिण हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर भारत में अांधी-तूफान का खतरा बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 घंटों में दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और आसपास के कुछ इलाकों में तूफान आ सकता है। वहीं, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में बारिश हो सकती है।