जालंधर|आज के दौर में शिक्षा के नाम पर बच्चों को तनाव परोसा जा रहा है, जबकि शिक्षण संस्थानों को ऐसा करने से बचना चाहिए। हमें साइंस और टेक्नोलॉजी का प्रयोग करते हुए शिक्षा को इंट्रस्टिंग बनाना चाहिए। ये कहना है अजमेर से पहुंचे मोटीवेटर विनोद शर्मा का।
मौका था देशभगत यादगार हाल में ‘मेंटा स्किल्स’ की ओर से ‘ब्रेन साइंस लेवल-1’ प्रोग्राम कम्पलीट होने पर आयोजित सर्टीफिकेशन सेरेमनी का। यहां रिटायर्ड आईएएस अहसानुल हक मेंटर और मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान कोर्स पूरा करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों स्टूडेंट्स ने कहा कि इस कोर्स के जरिए उनका कांफीडेंस लेवल बढ़ा है। हमेशा पढ़ाई के दौरान कुछ चीजें होती थी जो याद नहीं रहती थी, इस कोर्स की मदद से वे आसानी से याद होने लगी। इस में अफगानिस्तान के निवासी दो भाई तलहा व जिकरिया भी शामिल हुए। मोटीवेटर विनोद शर्मा ने कहा कि हम अपने बच्चों को कहते हैं कि मार्क्स लाने हैं तो ज्यादा पढ़ो। इससे क्या होता है कि बच्चे प्रेशर लेने लगते हैं।