जालंधर | थाना-5 की पुलिस ने रविवार को शास्त्री नगर के रहने वाले सरूप सिंह पुत्र नरिंदर सिंह और गांव धोगड़ी के रहने वाले गुरप्रीत चौधरी पुत्र दर्शन को चोरी की बलैरो गाड़ी के साथ काबू किया। पुलिस को सूचना मिली थी तेजमोहन नगर से चोरी हुई बलैरो गाड़ी गांव धोगड़ी में एक युवक के घर में खड़ी है। उसके बाद पुलिस पार्टी ने रविवार सुबह 4 बजे धोगड़ी में स्थित उस घर में पहुंच चोरीशुदा बलैरो गाड़ी बरामद कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। एसएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में कबूला है कि वे दोनों पहले रिकवरी एजेंसी में रिकवरी एजेंट के तौर पर काम करते थे, मगर पिछले कुछ समय पहले उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था। कोई काम धंधा न होने के कारण उन्होंने एजेंसी को बिना बताए ग्राहकों के घरों में आना-जाना जारी रखा और वहां से किश्तें ले रहे थे। मगर एजेंसी में जमा नहीं करवा रहे थे। इसके साथ-साथ ही वह दोपहिया वाहनों तथा चार पहिया वाहनों के उन मालिकों पर भी लगातार दबाव बना रहे थे, जिनकी किश्तें टूटी हुई थीं। वे उनके घरों में जाकर गाड़ियां उठा तो लेते थे मगर रिकवरी एजेंसी में जमा नहीं करवाते थे। वहीं तेजमोहन नगर निवासी एक कारोबारी ने थाना-5 में शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ दिन पहले उनके घर के बाहर से बलैरो गाड़ी चुराकर ले गया है।
सिलेंडर चुराने के मामले में भगौड़ा युवक अरेस्ट
जालंधर | चार एलपीजी सिलेंडर चोरी करने के आरोप में कोर्ट से भगौड़ा घोषित गढ़ा के रहने वाले नितिन उर्फ नीग्रो पुत्र इंदरजीत सिंह हाल वासी हरदियाल नगर रोड, कैंट को थाना-7 की पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। गढ़ा के रहने वाले रविंदर सिंह पुत्र सोहन सिंह के घर से 21 मार्च 2016 को एलपीजी के 4 सिलेंडर चोरी हुए थे। तब से फरार चल रहे नितिन को 30 अगस्त, 2017 को कोर्ट ने पीओ घोषित कर दिया था। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।