कनाडा भेजने के नाम पर 6 लाख की ठगी, ट्रैवल एजेंट अरेस्ट, दूसरा फरार
लोहियां अधीन आते गांव चक्क चेला के रहने वाले ट्रैवल एजेंट मक्खन सिंह के खिलाफ वर्क-परमिट दिला कर कनाडा भेजने का झांसा देकर 6 लाख की ठगी करने का केस दर्ज करके थाना सदर की पुलिस ने अरेस्ट किया है।
इस मामले में मक्खन सिंह का साथी ग्रीन एवेन्यू का रहने वाला एजेंट प्रितपाल सिंह अभी भी फरार है। एसीपी कैंट मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि गांव धीना के रहने वाले बलबीर सिंह पुत्र नारायण सिंह ने शिकायत दी थी कि उसने अपने बेटे आनंदवीर को कनाडा भेजने के लिए 2015 को ट्रैवल एजेंट प्रितपाल सिंह और मक्खन सिंह से संपर्क किया था।
दोनों एजेंटों ने उन्हें कहा था कि वे उसके बेटे को वर्क-परमिट पर कनाडा भेज देंगे। इसके लिए 25 लाख रुपए का खर्चा आएगा। प्रितपाल व मक्खन सिंह ने एडवांस में 2 लाख रुपए व पासपोर्ट ले लिया था। जबकि बाकी पैसे कनाडा भेजने के बाद दिए जाने थे।शिकायतकर्ता के मुताबिक इसके बाद दोनों एजेंट दोबारा उनके पास आए व वीजा लगवाने के लिए चार लाख रुपए और मांगे। उनकी बातों में आकर बलबीर सिंह ने प्रितपाल व मक्खन सिंह को चार लाख रुपए और दे दिए। लेकिन कुछ दिन दोनों एजेंट उन्हें आज नहीं कल वीजा लग जाने की बात कहकर टालते रहे। फिर कुछ देर बाद बलबीर सिंह ने प्रितपाल व मक्खन सिंह को फोन किया तो नंबर बंद आने लगा। उनके दफ्तर व घरों पर जाकर देखा तो वहां पर भी कोई नहीं मिला।
पासपोर्ट रिकवरी के लिए 3 दिन के रिमांड पर लिया
बलवीर सिंह ने बताया कि दोनों ट्रेवल एजेंट कुल 6 लाख रुपए की ठगी करके फरार हो गए थे। इस केस की जांच आर्थिक अपराध शाखा ने की, जिसके बाद थाना सदर में आरोपियों खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने बुधवार को गुप्त सूचना पर मक्खन सिंह को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी प्रितपाल अभी फरार है। एसीपी ढिल्लों ने कहा कि जल्द ही प्रितपाल को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने मक्खन सिंह को पैसों व पासपोर्ट की बरामदगी के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
नेशनल मार्टियर्स मेमोरियल कमेटी की टीम गठित
जालंधर | नेशनल मार्टियर्स मेमोरियल कमेटी की जनरल बाडी की वार्षिक मीटिंग का आयोजन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से टीम गठित कर अनूप कुमार को प्रेसीडेंट, भारत भूषण को सीनियर वाइस प्रेसीडेंट, जसवंत मिन्हास को वाइस प्रेसीडेंट, मधुसूदन को जनरल सेक्रेटरी, जतिंदर कक्कड़ को प्रेस सेक्रेटरी, एसएल धुप्पर को कैशियर और बीके मैनी को अकाउंट सेक्रेटरी चुना गया।