पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Jalandhar
  • सुक्खा काहलवां गैंग के दो गुर्गों ने बिजनेसमैन से कहा तूं पट्‌ट ’च गोली खाणी या पैसे देणे

सुक्खा काहलवां गैंग के दो गुर्गों ने बिजनेसमैन से कहा- तूं पट्‌ट ’च गोली खाणी या पैसे देणे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गैंगस्टर सुक्खा काहलवां गैंग के दो गुर्गों ने शुक्रवार रात गुरु तेग बहादुर नगर स्थित पृथ्वी प्लेनेट रेस्टोरेंट ले जाकर 35 साल के बिजनेसमैन दलवीर सिंह विक्की को गोली मारने की धमकी देकर एक तोले का सोने की चेन, 4 तोले के सोने का कड़ा और 3 लाख रुपए रंगदारी वसूली। थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस ने केस दर्ज कर सुल्तानपुर लोधी के गांव बूसोवाल के रहने वाले गैंगस्टर हरजोत सिंह उर्फ हैरी चीमा बूसोवालिया, उसके बड़े भाई लाली चीमा बूसोवालिया की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर पीके सिन्हा ने कहा कि शुक्रवार रात से ही रेड की जा रही है। सुल्तानपुर लोधी में भी रेड की गई पर आरोपी हाथ नहीं लगे।

गुप्ता कॉलोनी के रहने वाले दलवीर सिंह विक्की शुक्रवार देर रात थाना डिवीजन नंबर 6 में आकर शिकायत दी कि उससे सुक्खा काहलवां गैंग से जुड़े हैरी चीमा बूसेवालिया ने अपने साथी से मिलकर चेन, कड़ा और तीन लाख लूटे हैं। एसएचओ बिमलकांत और सब इंस्पेक्टर अश्विनी नण्ंदा फोर्स के साथ विक्टिम को लेकर रेस्टोरेंट पहुंचे। जांच कर क्लियर हो गया कि रंगदारी वसूली गई है।

जीटीबी नगर मार्केट में घेरा, पृथ्वी प्लेनेट ले जाकर तीन लाख और सोना लूटा, कंप्लेंट करने पर बहन के फोन पर दी मारने की धमकी
धमकाया- हर महीने देने होंगे 50 हजार रुपए
हैरी साथी के साथ कार में आया। दलवीर को धमकी देने के बाद हैरी ने भाई लाली से फोन पर बात करवाई तो लाली ने कहा- हैरी जो कैंदा ओदां कर तू।

कर ती कंप्लेंट, हुण गोली मारांगे

पुलिस के हरकत में आने पर हैरी ने दलवीर की बहन को फोन कर धमकी दी कि अब उसे गोली मारेंगे। कहा, गोली जांघ में मारेंगे ताकि मरते दम तक याद रहे हमसे पंगा लेने का क्या मतलब है। दलवीर की फैमिली धमकी से दहशत में है।

होमवर्क कर रास्ते में घेरा...जांच में यह बात आ रही है कि हैरी ने गैंग के साथ दलवीर की रुटीन पर होमवर्क किया। पूरा गैंग दलवीर के पीछे लगा था। दलवीर से पहले हैरी की सीसीटीवी फुटेज गुरु तेग बहादुर नगर में मिली है। इसलिए पुलिस गुरु तेग बहादुर नगर से लेकर मॉडल टाउन एरिया की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

ज्वेलरी लेने के बाद हैरी ने दलवीर से कहा कि उसे कैश भी चाहिए। कैश लिए बगैर नहीं छोड़ सकता। हैरी के साथी ने कहा कि दलवीर को कार में हवेली ले चलते हैं। पैसे देगा तो छोड़ देंगे। यह सुनकर हैरी ने कहा कि उसके दो बैंक खाते हैं। वह कैश ट्रांसफर करवा देता है। हैरी ने दो लाख रुपए एक बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए और फिर दलवीर को जीटीबी नगर में एक एटीएम पर लेकर गए। यहां पर 10 बार पैसे निकाले गए। दलवीर को रात 8 बजे एक किलोमीटर दूर छोड़ गया। उसे कहा कि पुलिस को बताया तो गोली मार देंगे। जाते-जाते कहने लगे कि हर महीने 50 हजार देने होंगे। दलवीर ने फोन लौटाने को कहा तो बोले, गाड़ी की चाबी और फोन के सिम गाड़ी में रख दिए हैं। दलबीर को कारोबार वाला मोबाइल दे गए और एक हफ्ते पहले खरीदा स्मार्टफोन साथ ले गए।

दलवीर की फैक्टरी के पास पीजी में रहते थे दोनों भाई
दलवीर ने कहा कि बस्ती बावा खेल में गेट-ग्रिल बनाने का बिजनेस है। 5 साल पहले फैक्टरी के पास स्थित पीजी में लाली और हैरी रहते थे। उनके पास आकर कहते थे कि स्टूडेंट हैं। मेल-मिलाप से पहचान हो गई। इस दौरान कभी 5 तो कभी 10 हजार ले गए पर लौटाए नहीं। इस बीच उन्हें पता चला कि दोनों भाई गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के साथी हैं और इन पर क्रिमिनल केस हैं। इसलिए उसने इनसे दूरी बना ली थी।

गाड़ी के आगे स्विफ्ट कार लगा रोका और साथ ले गए
दलवीर ने कहा कि वह वर्कशॉप से गाड़ी में कारोबार के सिलसिले में कुकी ढाब जाने के लिए शुक्रवार शाम निकला था। गुरु तेग बहादुर नगर मार्केट में गाड़ी के आगे सफेद रंग की स्विफ्ट कार आकर रुक गई। कार से हैरी और उसका एक दोस्त निकला। वह उसे यह कह कर उक्त रेस्टोरेंट में ले गए कि काफी दिन बाद मिले हैं तो कुछ खाते-पीते हैं। दलवीर ने कहा कि हैरी क्रिमिनल है। डर था कि साथ नहीं जाने पर नुकसान न पहुंचा दे। इसी कारण उनसे ठीक तरह पेश आया। सोचा कि यह लोग खाना-पीना चाहते हैं तो वह बिल देकर जान छुड़वा लेगा।

रेस्टोरेंट ले जाकर फोन छीने... रेस्टोरेंट में पहुंचते ही उसकी गाड़ी की चाबी ले ली। दोनों फोन लेकर स्विच ऑफ कर दिए। हैरी और उसके दोस्त ने शराब का आॅर्डर किया तो उसने रेड बुल पीनी शुरू कर दी। इस दौरान हैरी ने कहा, तू पट्ट विंच गोली खाणी ए या पैसे ते सोना देणा वै। हैरी ने डब में पिस्टल लगाया हुआ था। हैरी ने मोबाइल पर अपने भाई लाली से बात करवा दी। लाली ने कहा कि जैसे हैरी कहता है, वैसे ही करो, वरना गोली मार देंगे। यह सुनकर दलबीर ने सोने का कड़ा और सोने के चेन उतारकर दे दी।

खबरें और भी हैं...