पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Jalandhar
  • लंच के नाम पर काम रोककर कस्टमर्स को नहीं लौटा सकते बैंक

लंच के नाम पर काम रोककर कस्टमर्स को नहीं लौटा सकते बैंक

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर में ज्यादातर बैंकों में दोपहर 2 से 3 बजे के बीच लंच टाइम रहता है। इस दौरान कस्टमर्स को सर्विस देना दूर, बैंक में उनकी एंट्री तक नहीं होने दी जाती। ऐसा करना भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशों का उल्लंघन है। इस संबंध में आरबीआई 2015 में ही बैंकों को सर्कुलर जारी कर चुका है पर इस पर अमल नहीं हो रहा।

लंच टाइम के समय बैंक कर्मियों को सामूहिक छुट्टी का प्रावधान नहीं है। कई बैंकों के बाहर तो समय बाकायदा लिखा हुआ है कि 2 से 2.30 बजे तक लंच टाइम है। बैंकों को अपने ग्राहकों को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक अबाधित सेवाएं मुहैया करवाने का नियम है। ऐसा भी नहीं है कि बैंककर्मी लंच नहीं कर सकते। बैंकों में कर्मचारियों के लिए आंतरिक आधे घंटे का लंच टाइम होता है। इसमें एक कर्मचारी लंच करने जाता है तो दूसरा काउंटर संभालता है। पहले कर्मचारी के आने के बाद दूसरा लंच के लिए जाता है। बैंक के अधिकारी और कर्मचारी लंच टाइम का बहाना करके ग्राहकों से लेन-देन अथवा उनका कोई काम करने से मना नहीं कर सकते।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने सभी बैंकों को जुलाई 2015 में जारी किया था सर्कुलर

आरबीआई ने बैंकों ने एक जुलाई 2015 को एक सर्कुलर जारी किया था। उक्त सर्कुलर के पैरा संख्या 7.2, 7.3 और 7.4 में साफ लिखा है कि बैंक अपनी सुविधा के मुताबिक कार्य अवधि तय कर सकता है, लेकिन यदि बैंक अपने कार्यों के लिए बैंक बंद करता है तो इस बाबत उसे अपने उपभोक्ताओं को पहले सूचना देनी होगी।

केनरा बैंक के गेट पर लगाया नोटिस।

लंच टाइम के दौरान खाली पड़ी कुर्सियां।

दोआबा चौक से किशनपुरा रोड पर सिटीजन अर्बन कोआप्रेटिव बैंक के गेट को भी लंच टाइम से समय बंद किया गया था। इस बैंक में भी ग्राहक को गार्ड ने अंदर जाने नहीं दिया। लंच टाइम का हवाला देकर वापस भेज दिया।

सोढल इंडस्ट्रियल एरिया में कैनरा बैंक का स्टाफ भी लंच टाइम के समय अपनी जगह पर नहीं था। ग्राहक जसबीर कौर और अमर कौर बाहर बैंक खुलने का इंतजार कर रही थी। बैंक के गेट पर कामकाज की समय सारिणी का नोेटिस लिखा था, जिसमें साफ लिखा था कि 2 से 2.30 बजे तक लंच समय है।

बैंक में दाखिल होने से रोकते हैं गार्ड

सोढल रोड पर बैंक ऑफ इंडिया में सोमवार दोपहर 2.20 पर ग्राहक सुरिंदर कुमार बैंक में पैसे जमा करवाने पहुंचे। बैंक के अंदर गार्ड ने जवाब दिया कि लंच टाइम चल रहा है। जब ग्राहक ने पूछा कि लंच टाइम तो आरबीआई ने कब का बंद कर दिया है तो इतने में अंदर से बैंक कर्मचारी आया और बोला कि आप बैंक के अंदर बैठ जाओ। लंच टाइम से बाद काम किया जाएगा। बैंक में कोई कर्मचारी अपनी सीट पर नहीं था और काउंटर खाली पड़े थे।

लंच टाइम में नहीं होता काम : मैनेजर

बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर सुरिंदर ने कहा कि बैंक में एक कैश काउंटर है। इस वजह से लंच टाइम के समय काम नहीं हो रहा है। लंच टाइम के समय किसी भी बैंक में काम नहीं हो रहा है। अगर कोई ग्राहक आता है तो उसे अटैंड कर लिया जाता है।

अंदर आ चुके ग्राहकों को अटेंड कर लेते हैं

सिटीजन बैंक के मैनेजर पवन शर्मा से जब पूछा कि लंच टाइम कब होता है तब उन्होंने कहा कि 2.15 से 2.45 बजे तक लंच टाइम होता है। जो ग्राहक एक बार बैंक के अंदर दाखिल हो जाते हैं, उसको अटैंड किया जाता है। दोपहर के समय जब बैंक बंद का कारण पूछा गया तो मैनेजर ने कहा कि गार्ड से पूछा जाएगा कि क्यों ग्राहक को वापस भेजा गया है। इसके जानकारी लेंगे।

सर्कुलर की जानकारी नहीं, कॉपी सभी बैंकों में भेजेंगे : लीड बैंक मैनेजर

लीड बैंक के मैनेजर वतन सिंह ने बताया कि आरबीआई के सर्कुलर के बारे में जानकारी नहीं है। वो सर्कुलर की काॅपी निकाल सभी बैकों को भेज देंगे। नोटिस भी भेज देंगे ताकि बैंकों को आरबीआई की हिदायत के बारे में जानकारी मिल सके। इलेक्शन डयूटी के कारण वह व्यस्त हैं। इसलिए 4 और 5 दिन लग जाएंगे।

खबरें और भी हैं...